-
Advertisement
CAA-NRC और NPR के खिलाफ हल्द्वानी में सड़कों पर उतरीं मुस्लिम महिलाएं
Last Updated on January 22, 2020 by
हल्द्वानी। दिल्ली के शाहीन बाग और लखनऊ के घंटाघर की तर्ज पर सीएए-एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी (Haldwani) में भी मुस्लिम महिलाओं ने प्रदर्शन (Protest) शुरू कर दिया है। महिलाएं और बच्चे अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से उठा रहे हैं और पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि सरकार संविधान की प्रस्तावना के खिलाफ कार्य कर रही है। यह कदम देश के लोकतंत्र के लिए घातक है। हल्द्वानी के ताज चौराहे पर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और बच्चों का धरना अनिश्चितकालीन होने वाला है। ये प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक सीएए-एनआरसी और एनपीआर वापस नहीं हो जाता।
यह भी पढ़ें: पुलिस जवान की जान बचाने को बर्फीले रास्ते में 4 घंटे में 7 किमी पैदल सफर
शहर का सबसे व्यस्ततम चौराहा होने के बावजूद ताज चौराहे पर आवागमन सुचारु है। यातायात की व्यवस्था (Traffic arrangement) को युवाओं ने संभाल रखा है। जहां कहीं भी जाम जैसी स्थिति बन रही है वे आगे बढ़कर वाहनों को पास करा रहे हैं। उनका कहना है धरना-प्रदर्शन शांतिपूर्वक हो रहा है। इसके कारण किसी भी तरह की व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। ताज चौराहे पर महिलाओं के धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन भी मौके पर नजर रखे हुए हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद है।