- Advertisement -
नाहन। भारी बारिश के चलते सड़क पर मलबा आने से नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे करीब डेढ़ घंटे बंद रहा। शहर के महज तीन किलोमीटर दूर स्थित यशवंत विहार कालोनी के समीप शनिवार दोपहर बाद भारी बारिश के चलते पहाड़ी दरक गई।
पहाड़ी से सारा मलबा सड़क पर आ गिरा। इस दौरान कई गाड़ियां भी मलबे के बीच फंस गई। भारी मलबे के चलते सैंकड़ों वाहन सड़क के दोनों तरफ फंसे रहे। बसें भी निर्धारित समय पर नाहन व शिमला की तरफ नहीं आ जा सकीं। ऐसे में यात्रियों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
जिला प्रशासन को सूचना मिलते ही डीसी डा. आरके परूथी भी मौके पर पहुंचे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि पहाड़ी दरकने से सड़क पर आया मलबा कई घरों में घुस गया। लोग मलबे को घरों से बाहर फैंकने में जुटे हैं।
उधर, डा. राजीव बिंदल ने भी एनएच प्राधिकरण के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। करीब डेढ़ घंटे बाद सड़क को आवाजाही के लिए बहाल किया गया।
- Advertisement -