- Advertisement -
सोलन। सियाचिन में हिमस्खलन की चपेट में आकर हिमाचल के सोलन जिला के कुनिहार का एक जवान शहीद (Martyr) हो गया है। शहीद जवान मनीष ठाकुर (22) पुत्र राम स्वरूप निवासी गांव दोची, कुनिहार का रहने वाला था। मनीष अविवाहित था तथा दो वर्ष पूर्व ही सेना में भर्ती हुआ था। दो भाइयों में सबसे छोटा मनीष ठाकुर अपने परिवार में सबका लाडला था। मनीष ठाकुर के शहीद होने की खबर सुनते ही परिवार के सदस्य रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि शहीद की पार्थिव देह आज हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ पहुंचने की उम्मीद है और परिजनों के पास पार्थिव देह बुधवार को ही पहुंच पाएगी।
बता दें सियाचिन ग्लेशियर में सोमवार दोपहर बाद भारी हिमस्खलन (Heavy avalanche) में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के आठ जवान व पोर्टर लापता हो गए थे। इनमें से छह की मौत हो गई है। घटना के बाद व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। बर्फ में दबे आठ लोगों को निकालकर हेलीकाप्टर से पास के सैन्य अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें सात की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान छह की मौत हो गई। इनमें चार जवान तथा दो पोर्टर शामिल हैं, जिन्होंने काफी देर तक बर्फ में दबे रहने के कारण दम तोड़ दिया। सीएम जयराम ठाकुर, पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने मनीष की शहादत पर दुख जताया है।
- Advertisement -