-
Advertisement
मोदी के हाथों गोल्ड मेडल पाकर लौटी NCC Cadet Anushka का ऊना में सम्मान
Last Updated on February 4, 2020 by
ऊना। दिल्ली में हुई गणतंत्र दिवस परेड (Republic day parade) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऊना जिला (Una District) के दो एनसीसी कैडेट्स (NCC Cadets) आज ऊना पहुंचे तो एनसीसी कार्यालय में कैडेट्स की उपलब्धि को लेकर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ऊना की बेटी अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने जहां जूनियर वर्ग में बेस्ट कैडेट्स का अवार्ड अपने नाम करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से यह सम्मान हासिल किया वहीं, गोपाल कृष्ण ने सीनियर वर्ग में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। ऊना पहुंचने पर दोनों कैडेट्स का एनसीसी कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। अपनी इस उपलब्धि से दोनों कैडेट्स खासे उत्साहित हैं।
अनुष्का शर्मा ने दिल्ली में हुए 71वें गणतंत्र दिवस परेड़ में एनसीसी जूनियर वर्ग में बेस्ट केडेटस का अवार्ड हासिल कर जिला ऊना के साथ.साथ हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है। बेस्ट कैडेट्स चुने जाने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अनुष्का शर्मा को गोल्ड मेडल से नवाजा है। अनुष्का के बेहतरीन प्रदर्शन के बल पर चंडीगढ़ निदेशालय ने देशभर में प्रथम स्थान अर्जित किया है। अनुष्का शर्मा जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला ऊना में कक्षा 9वीं की छात्रा है। इस उपलब्धि को हासिल करने बाद अनुष्का आज ऊना पहुंची जिसके सम्मान के लिए एनसीसी कार्यालय में समारोह का आयोजन किया गया। अनुष्का ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, एनसीसी अधिकारियों और अपने स्कूल स्टाफ को दिया। अनुष्का ने कहा कि अगर किसी में दृढ़ निश्चय हो तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती वहीं बेटियों और बेटों में अंतर करने वालों से अनुष्का ने बेटियों को आगे बढ़ने में मदद का आह्वान किया है।
गणतंत्र दिवस परेड में ही डिग्री कॉलेज ऊना के छात्र गोपाल कृष्ण (Gopal Krishna) ने सीनियर वर्ग में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। गणतंत्र दिवस परेड में ही ऊना के गोपाल कृष्ण को भी गार्ड ऑफ ऑनर सीनियर डिवीजन अवार्ड से सम्मानित किया गया। गोपाल ने युवा पीढ़ी से नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहकर एनसीसी में शामिल होने का आह्वान किया है। गोपाल की मानें तो एनसीसी के जरिए जहां युवा बुरी आदतों से दूर रह सकते हैं वहीं उन्हें आगे बढ़ने का अवसर भी मिलता है। हिप्र स्वतंत्र वाहिनी एनसीसी ऊना के कमानाधिकारी कर्नल संकेत देओ ने बताया कि अनुष्का और गोपाल बहुत ही होनहार, सराहनीय तथा हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट है। उन्होंने इस उपलब्धि पर दोनों कैडेट्स को शुभकामनाएं भी दीं।