- Advertisement -
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के मुखिया शरद पवार ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में 2019 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य की 48 सीटों में से 40 पर सहमति बन गई है और अन्य 8 सीटें जल्द ही तय कर ली जाएंगी।
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस और एनसीपी संयुक्त रूप से लोकसभा चुनाव में उतरेंगे और कुछ अन्य सहयोगी राजनीतिक संगठनों का साथ भी लेंगे। शरद पवार ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर कोई भ्रम नहीं है, अगर होता है तो दोनों पार्टियों के प्रमुख इसे हल कर लेंगे’। शरद पवार ने पूर्वी महाराष्ट्र के गोंदिया में कांग्रेस और एनसीपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने बाद अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ये ऐलान किया है।
दूसरे ट्वीट के माध्यम से शरद पवार ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी धान किसानों को प्रति क्विंटल 2,500 रुपए देने का वादा किया। उन्होंने लिखा, “कृषि उपज समर्थन मूल्य को अंतिम रूप देने से पहले पड़ोसी राज्यों की दरों पर परामर्श किया जाता है। लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने इसका पालन नहीं किया और अब पड़ोसी राज्य 700 रुपए प्रति क्विंटल अधिक दे रहे हैं।”
- Advertisement -