- Advertisement -
शिमला। कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा का यहां के छराबड़ा में आलीशान मकान अब बन चुका है। मकान को फाइनल टच देने के लिए प्रियंका फिलहाल यहां के फाइव स्टार होटल में रुकी हैं। नवरात्र के मौके पर उनके नए घर में परिवार समेत गृह प्रवेश की संभावना है।
इससे पहले मकान की डिजाइन पसंद न आने से प्रियंका ने इस घर को कई बार तुड़वाया था। मकान की छत हिमाचली स्लेटों से बनी है, जबकि मकान बनाने के लिए लकड़ी का उपयोग किया गया है। प्रियंका का मकान पिछले साल तब सुर्खियों में आ गया था, जब शिमला के विधायक भारद्वाज ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह को लिखे पत्र में मकान की अनुमति को फौरन रद्द करने की मांग की थी।
विधायक भारद्वाज ने रिटायर्ड नेवल ऑफिसर कमांडर देविंद्रजीत सिंह का हवाला देते हुए कहा कि 24 अगस्त 2002 में उन्होंने छराबड़ा के वीवीआईपी क्षेत्र में कॉटेज बनाने के लिए 16 बिस्वा जमीन खरीदी। लेकिन उन्हें सुरक्षा का हवाला देते हुए निर्माण की इजाजत नहीं दी गई थी। इसके बाद नेवी ऑफिसर देविंद्रजीत सिंह ने इस जमीन को बेच दिया था। प्रियंका वाड्रा ने वही प्लॉट 2007 में खरीदा।
भाजपा विधायक ने सवाल किया था कि अगर इस संवेदनशील क्षेत्र में निर्माण पर पाबंदी है, तो रिट्रीट से महज 100 मीटर दूर और कल्याणी हेलीपैड से महज 200 मीटर दूर प्रियंका वाड्रा को किस आधार पर यहां भवन निर्माण की अनुमति दी गई है? उन्होंने अपने पत्र में यह भी लिखा कि प्रियंका को 4 हजार वर्ग मीटर जगह खरीदने की अनुमति उन्हें एसपीजी स्टेटस के चलते दी गई है।
- Advertisement -