- Advertisement -
धर्मशाला। हिमाचल के हर जिला मुख्यालय पर 24 अक्टूबर को सांकेतिक धरने होंगे। न्यू पेंशन स्कीम (NPS) कर्मचारी एसोसिएशन कांगड़ा भी जिला मुख्यालय धर्मशाला (Dharamshala) में 24 अक्टूबर को धरना देगी। अगर सरकार मांगों को नहीं मानती है तो 24 नवंबर को कर्मचारी पेन डाउन हड़ताल (Pen Down Strike) करेंगे। एसोसिएशन के कांगड़ा जिला प्रधान राजिन्दर मन्हास और महासचिव अनीश धीमान ने कहा कि जिला मुख्यालय धर्मशाला में भी सैकड़ों कर्मचारी 24 अक्टूबर को इस धरने में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की 20 खंड इकाइयों के सैकड़ों कर्मचारी इस धरने में पेंशन बहाली की मांग को लेकर पहुंचेंगे।
जिला प्रधान मन्हास ने कहा कि पिछले तीन साल से न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारियों की जायज मांग को भी प्रदेश सरकार नजरअंदाज कर रही है। कोविड से बचाव के लिए इन्हीं कर्मचारियों ने लगभग 25 लाख की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष (Chief Minister Relief Fund) में भी दी। पर आज कर्मचारी को न्यू पेंशन स्कीम के खराब नतीजों से कर्मचारियों को बचाने के लिए सरकार कुछ करती नहीं दिखती। उन्होंने आरोप लगाया कि आज हिमाचल के एनपीएस कर्मचारियों को वह लाभ भी नहीं मिल रहे जो केंद्र 2009 से अपने कर्मचारियों को दे रहा है।
- Advertisement -