- Advertisement -
अनंतनाग। आतंकी हमलों पर बाबा के भक्तों की आस्था भारी पड़ी है। अनंतनाग में सोमवार को हुए दो आतंकी हमलों के बाद आज तीर्थयात्रियों का एक और जत्था बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ है। 3000 से अधिक यात्रियों का जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ। सोमवार को हुए हमले के बाद यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सोमवार शाम को अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले में 7 लोग मारे गए और 19 यात्री घायल हो गए। मरने वालों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं। अनंतनाग में आतंकियों की ओर से सुरक्षाबलों और अमरनाथ यात्रियों की बस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई।
हमले के बाद जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती समेत अन्य नेताओं ने भी रोष जताते हुए इस हमले की निंदा की है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारत इस तरह के कायराना हमलों और नफरत फैलाने वालों के आगे नहीं झुकेगा। पीएम ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल एनएन वोहरा और सीएम महबूबा मुफ्ती से बात की है और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
पीएम ने ट्वीट कर कहा, ‘जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण तरीके से यात्रा कर रहे अमरनाथ यात्रियों पर हमले से हुई पीड़ा को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इस हमले की सभी को कड़ी निंदा करनी चाहिए। मेरी संवेदनाएं हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के लिए भी दुआ करता हूं। भारत इस तरह के कायराना हमले करने वालों और नफरत फैलाने वालों के आगे नहीं झुकेगा।’
- Advertisement -