- Advertisement -
ऊना। हिमाचल के जिला ऊना (Una) के उपमंडल गगरेट के अंतर्गत के तहत एक गांव की गर्भवती महिला (Pregnant Woman) के बच्चे की प्रसव के चंद घंटे बाद मौत का मामला तूल पकड़ गया है। महिला के परिजनों ने उपमंडल गगरेट के एक सरकारी अस्पताल (Government Hospital) के एक डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप जड़ा है। पीड़ित परिवार ने मामले की लिखित शिकायत एसएमओ और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन पर की है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर (Doctor) ने प्रसव होने तक उन्हें यह नहीं बताया कि महिला गर्भवती है और यूट्रस में इन्फेक्शन बता कर इलाज करता रहा।
इंदरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व उसकी पत्नी की तबीयत अचानक खराब हो गई। तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें एक्स-रे (X-Ray) करवाने के लिए कहा। उसके बाद डॉक्टर ने पेट में इन्फेक्शन होने की बात कही। वह अपने घर चले गए। बुधवार शाम को पत्नी की तबीयत फिर बिगड़ गई। पत्नी के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ। वह फिर से उसे सरकारी अस्पताल ले आए। अस्पताल में मौजूद नर्स ने जांच के बाद बताया कि उनकी पत्नी गर्भवती है। इसके बाद उनकी पत्नी को ऊना क्षेत्रीय अस्पताल (Una Regional Hospital) रेफर किया गया। ऊना क्षेत्रीय अस्पताल में पत्नी को दाखिल कर लिया। एक घंटे के बाद पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ घंटे बाद नवजात की मौत हो गई। एसएमओ (SMO) ने महिला के परिजनों द्वारा शिकायत सौंपे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच होगी। अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Advertisement -