-
Advertisement
हिमाचल कांग्रेस की जय हिंद सभा: देश की सेना के शौर्य और बलिदानियों को किया नमन
Congress Jai Hind Sabha: भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की जय हिंद सभा शुक्रवार को पीटरहॉफ शिमला में हुई। सभा में कांग्रेस नेता अजय माकन, प्रदेश पार्टी प्रभारी रजनी पाटिल के साथ सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कैबिनेट मंत्री और पार्टी विधायक भी मौजूद रहे। जय हिंद सभा में सबसे पहले पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के भाषण के अंश सबसे पहले प्रसारित किए गए।

इस दौरान कांग्रेस ने जय हिंद सभा से सेना के शौर्य और बलिदानियों को नमन किया। इस सभा में कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा से निपटने के सरकार के तरीकों तथा भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम में अमेरिका की भागीदारी को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान बलिदानियों के परिजनों, पदक विजेताओं पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।
युद्ध शुरू करने और रोकने का निर्णय सेना को लेना चाहिए
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में आयोजित ‘जय हिंद सभा’ में कहा कि जब इंदिरा गांधी ने देश को संबोधित कर युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा था, तब हर भारतीय सिपाही तैयार था। उन्होंने बताया कि उस कठिन समय में भी इंदिरा गांधी ने साहस दिखाया और पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया और बांग्लादेश का निर्माण हुआ। ये भारतीय राजनीति का नहीं, बल्कि सैन्य इतिहास का भी सबसे गौरवशाली क्षण था। उन्होंने कहा कि शिमला समझौते की नींव भी यहीं रखी गई थी, जिसे आज याद किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक समझौते का सम्मान करना देश की गरिमा को बनाए रखने जैसा है। उन्होंने कहा कि पीएम ने भले ही तीनों सेनाओं को खुली छूट दी, लेकिन जब युद्ध रोकने की बात आई, तो यह फैसला सेनाओं के बजाय किसी और ने किया। युद्ध शुरू करने और रोकने का निर्णय भी सेना को ही लेना चाहिए। इंदिरा गांधी के समय ऐसा नहीं होता था। तब उनका नेतृत्व निर्णायक और सैनिकों के साथ खड़ा होता था।

कांग्रेस ने सेना के नाम पर राजनीति नहीं की
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस ने ऐसे हालत में केंद्र सरकार का साथ दिया। हम सेना के साथ हैं। उन्होंने पूछा कि अमेरिका ने क्यों सीज फायर की घोषण की। उन्होंने भी इस पूरे मामले में शिमला समझौता की अस्मिता को बचाए रखने की बात पर जोर दिया। राज्यसभा सांसद अजय माकन के कहा कि कांग्रेस ने सेना के नाम पर राजनीति नहीं की। बीजेपी ने सर्जिकल स्ट्राइक के नाम पर राजनीति की। कांग्रेस सरकार ने भी अपने कार्यकाल में सर्जिकल स्ट्राइक की, लेकिन कभी इस बारे में राजनीति नहीं की। भारत ने हमेशा ही पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम किया है। अजय माकन ने भी इस घटनाक्रम में अमेरिका के हस्तक्षेप पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस स्थिति में भारत सरकार का साथ दिया। कांग्रेस ने इस मामले में राजनीति को दूर रखा। इस बीच भी पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार में चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए गए
संजू चौधरी
