-
Advertisement
बिहार में बोलेरो में फिट, हिमाचल में ऑल्टो में फिट करेंगे कांग्रेस को
Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में तो कांग्रेस बोलेरो में फिट हो गई है और अब हिमाचल में कांग्रेस को ऑल्टो में फिट करके दिखाएंगे, क्योंकि सीएम को ऑल्टो बहुत पसंद है। इसी बयान के साथ उन्होंने कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर मनाए जा रहे जश्न को पूरी तरह बेकार और जनता के साथ मज़ाक बताया। शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आज भी डिज़ास्टर एक्ट लागू है, चुनाव नहीं करवाए जा रहे, ट्रेज़री से दस हजार रुपये से अधिक निकालने पर रोक है, कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा, पेंशनर परेशान हैं और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, ऐसे माहौल में जश्न मनाना किसी के भी गले नहीं उतर रहा।
योजनाओं का पैसा लोगों को नहीं मिल रहा
शिमला में बीजेपी की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ विपिन सिंह परमार विशेष रूप से मौजूद रहे। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार तीन साल में एक भी नई योजना शुरू नहीं कर पाई और पिछली बीजेपी सरकार की हिम केयर, सहारा, स्वावलंबन, गृहिणी सुविधा और जन मंच जैसी जनकल्याण योजनाएं बंद कर दीं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का पैसा लोगों को नहीं मिल रहा और कांग्रेस के नेताओं के पास अपने तीन साल में गिनाने के लिए कोई एक उपलब्धि भी नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार को थोड़ी भी शर्म है तो उसे जश्न का फैसला वापस लेना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि बीजेपी 4 दिसंबर को धर्मशाला के शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी।
संस्थानों को बंद करने जैसे फैसलों के साल रहे
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव ने कहा कि कांग्रेस सरकार आज तक के इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार साबित हुई है। उनके मुताबिक पिछले तीन साल आर्थिक बदहाली, कर्ज, झूठी गारंटियों, अपराधों की बढ़ोतरी और संस्थानों को बंद करने जैसे फैसलों के साल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता की आवाज बुलंद कर रही है और 4 दिसंबर को जोरावर स्टेडियम धर्मशाला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। बिंदल ने बिहार के नतीजों को कांग्रेस की दुर्दशा बताया और कहा कि इसका असर हिमाचल में भी साफ दिख रहा है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
