- Advertisement -
दयाराम कश्यप, सोलन। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल को 65 करोड़ रुपए और 39 नेशनल हाई-वे की घोषणा की थी, लेकिन इनमें से एक पर भी कोई काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में इस मामले को उठाया तो सरकार से जवाब मिला, इस दिशा में अभी तक कुछ नहीं हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल की जनता के साथ धोखा किया है। अब वह हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं, वह हिमाचल की जनता से माफी मांगकर जाएं। शनिवार को सोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि बीजेपी हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। भ्रष्टाचार व बेरोजगारी बढ़ी है। कानून-व्यवस्था बिगड़ी है तो रक्षा सौदे में घोटाले हुए हैं। आंतकवाद को बढ़ावा मिला है। सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में एकजुट होकर लडे़गी व प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।
बीजेपी के चारों सांसदों पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने बीजेपी के चारों सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि सांसद निधि का वितरण त्रुटिपूर्ण रहा है। सांसदों द्वारा गोद लिए गांव में भी विकास के नाम पर मजाक किया गया है। सत्ता विरोधी रूझान व बीजेपी की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस जनता में जाकर लोगों को सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन पूरी तरह एकजुट है। कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जीत दिलाने वाले उम्मीदवार को ही टिकट दी जाएगी। अंतिम फैसला हाईकमान का होगा।
सात मार्च को राहुल गांधी कांगड़ा में करेंगे रैली
प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस हर मोर्चे को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार कर रही है। 27 फरवरी को कांग्रेस महिला सम्मेलन का आयोजन सोलन में किया जाएगा, जिसमें प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित केंद्रीय नेतृत्व भाग लेगा। आगामी सात मार्च को राहुल गांधी की रैली कांगड़ा में निश्चित की गई है।
- Advertisement -