-
Advertisement
राजनीति से संन्यास लेंगे #Nitish_Kumar: रैली में ऐलान किया- ये मेरा आखिरी चुनाव
Last Updated on November 5, 2020 by Deepak
पटना। बिहार में विधानसभा चुनावों का दूसरा चरण समाप्त हो चुका है। वहीं, तीसरे और अंतिम चरण के मतदान के पहले प्रचार करने का आज आखिरी दिन है। इस सब के बीच सूबे के मौजूदा सीएम और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आने वाले कुछ समय में राजनीति से संन्यास लेने के साफ संकेत दे दिए हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पूर्णिया में नीतीश कुमार ने जनता से आशीर्वाद देने की भावुक अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव मेरा आखिरी चुनाव है, अंत भला तो सब भला।
साल 2004 में नीतीश ने लड़ा था अपना आखिरी चुनाव
नीतीश कुमार ने साल 1977 में अपना पहला चुनाव लड़ा था। उन्होंने नालंदा के हरनौत से चुनाव लड़ा। यहां से नीतीश कुमार चार बार चुनाव लड़े। जिसमें उन्हें 1977 और 1980 में हार मिली, जबकि 1985 और 1995 के चुनाव में वो विजयी हुए। नीतीश कुमार ने साल 2004 में अपना आखिरी चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें नालंदा से जीत हासिल हुई थी। उसके बाद से नीतीश कुमार ने कोई चुनाव नहीं लड़ा। नीतीश कुमार 2005 से ही बिहार के सीएम हैं। सीएम बनने से पहले वे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में रेल मंत्री रहे।
यह भी पढ़ें: 125 लोगों से भरी नाव #Ganga में पलटी: 15 बचाए गए, 5 की मौत; 100 लापता
आज की जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने अपने पुराने दिनों को भी याद किया और कहा कि रेल मंत्री रहते हुए भी मैं लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहता था। नीतीश कुमार ने साल 1972 में बिहार इंजीनियरिंग कॉलेज से पढ़ाई की। उन्होंने कुछ समय तक बिहार स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में नौकरी भी की। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का मतदान शनिवार को होगा। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए गुरुवार को 15 जिलों की 78 सीटों के लिए चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।