-
Advertisement
Nobel Prize 2023: कैटालिन कारिको और ड्रू वीसमैन को चिकित्सा का नोबेल
नई दिल्ली। साल 2023 के लिए चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार (Nobel For Medicine) कैटालिन कारिको और ड्रू वीसमैन को मिला है। दोनों को संयुक्त रूप से न्यूक्लियोसाइड बेस संशोधनों से संबंधित उनकी खोजों के लिए यह सम्मान दिया गया। इस खोज की वजह से कोरोनावायरस (Corona Virus) यानी सीओवीआईडी-19 के खिलाफ प्रभावी एमआरएनए (m-RNA) टीकों के विकास में मदद मिली। नोबेल कमेटी के सचिव थॉमस पर्लमैन ने कोरोलिंस्का संस्थान में सोमवार को इसकी घोषणा की। कारिको हंगरी में सागन विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और वीसमैन पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर हैं।
आज से ही हुई शुरुआत
चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के साथ ही सोमवार से नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की शुरूआत हो गई है। अब मंगलवार को भौतिकी, बुधवार को रसायन विज्ञान और गुरुवार को साहित्य के क्षेत्र में दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता के नाम की घोषणा होगी। नोबेल शांति पुरस्कार (Nobel Peace Prize) की घोषणा शुक्रवार को और अर्थशास्त्र के क्षेत्र में इस पुरस्कार के विजेता की घोषणा नौ अक्टूबर को की जाएगी।
2021 में इन वैज्ञानिकों को मिला था ये पुरस्कार
2021 में चिकित्सा का नोबेल डेविड जूलियस और आर्डेन पैटामूटियम को दिया गया था। इन दोनों शोधकर्ताओं को शरीर के तापमान, दबाव और दर्द देने वाले रिसेप्टरों (Receptors) की खोज की थी। दोनों नोबेल विजेता अमेरिकी थे। डेविड जूलियन यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में प्रोफेसर थे। वहीं पैटापूटियन अर्मेनियाई मूल के अमेरिकी नागरिक हैं और ला जोला के स्क्रिप्स इंस्टीट्यूट में वैज्ञानिक थे।
इतना मिलता है पुरस्कार
पुरस्कारों में 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर यानी एक मिलियन अमेरिकी डॉलर या दस लाख डॉलर का नकद पुरस्कार दिया जाता है। धनराशि अवॉर्ड के संस्थापक और स्वीडिश आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की छोड़ी हुई वसीयत से आती है। 1896 में उनका निधन हो गया था।