- Advertisement -
मंडी/हमीरपुर। सरकाघाट उपमंडल की गाहर पंचायत के समाहल गांव में बुजुर्ग महिला क्रूरता मामले में पुलिस ने अब तक 14 पुरुष और 7 महिलाओं सहित 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच पुलिस थाना सरकाघाट उपनिरीक्षक राजकुमार कर रहे हैं। 17 आरोपियों को आज अदालत ने तीन दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि आज गिरफ्तार किए गए 4 अन्य आरोपियों को कल अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। इनमें एक 18 वर्षीय युवक और देवता की तथाकथित 22 वर्षीय पुजारिन भी शामिल है। जिन 17 लोगों को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार किया था, उन्हें भी सरकाघाट से दूर धर्मपुर पुलिस थाना की कस्टडी में रखा गया था और इस बात की पुलिस ने किसी को कानों कान खबर नहीं लगने दी।
आज दिन भर चले ड्रामें के बीच सरकाघाट पुलिस ने पुरी मुस्तैदी दिखाते हुए चार आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि इस पूरे मामले में 21 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की पूरी गहनता से जांच पड़ताल कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अम्ल में लाई जा रही है।
9 नवंबर की शाम को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 47 वर्षीय धन्तर सिंह पुत्र सोहन सिंह, 46 वर्षीय बालम सिंह पुत्र बंशी लाल, 32 वर्षीय उत्तम चंद पुत्र जगदीश चंद, 18 वर्षीय रितेश परमार पुत्र राजवीर सिंह, 42 वर्षीय राजिंद्र सिंह पुत्र बुद्धि सिंह, 21 वर्षीय सोनू परमार पुत्र कमल सिंह, 38 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र सुरम सिंह, 29 वर्षीय बचित्र सिंह पुत्र बलबीर सिंह, 41 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र केसर सिंह, 38 वर्षीय अयज कुमार पुत्र गोरख सिंह, 24 वर्षीय अमित कुमार पुत्र बलवंत सिंह, 34 वर्षीय शकुंतला देवी पत्नी प्रदीप कुमार, 43 वर्षीय बीमला देवी पत्नी ओंकार सिंह, 43 वर्षीय कमला देवी पत्नी धन्तर सिंह, 51 वर्षीय सिमरो देवी पत्नी धर्मपाल, 45 वर्षीय सलोचना देवी पत्नी मनोहर लाल शामिल हैं। यह सभी गांव बड़ा समाहल, डाकघर गाहर, तहसील सरकाघाट के रहने वाले हैं। इनके अलावा 26 वर्षीय मनोज कुमार उर्फ काकू पुत्र हेम सिंह को भी 9 नवंबर को ही गिरफ्तार किया गया है, जोकि गांव कजैल, डाकघर समोह, तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर का रहने वाला है।
इसके अलावा आज यानी 10 नवंबर को पुलिस ने चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। 22 वर्षीय निशा उर्फ नीशू पुत्री बलवंत सिंह, 26 वर्षीय दीपक ठाकुर पुत्र बलवंत सिंह, 72 वर्षीय अमरी देवी पत्नी सोहन सिंह और 24 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र कश्मीर सिंह शामिल हैं। यह सभी भी गांव बड़ा समाहल, डाकघर गाहर, तहसील सरकाघाट के ही रहने वाले हैं।
वहीं, सरकाघाट उपमंडल की गाहर पंचायत के समाहल गांव के लोगों ने देवता के नाम पर जिस 80 वर्षीय वृद्धा राजदेई के मुंह पर कालिख मलकर जूते गले में लटका कर घसीटा वह अपनी बेटी तृप्ता के साथ आज हमीरपुर में मीडिया के सामने आई। राजदेई घटना के बाद मानसिक रूप से टूट चुकी है। उसे आज भी मीडिया के सामने चक्कर आ रहे थे। वह एक शब्द भी नहीं बोल पाई। उसकी बेटी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं ।
हैरानी की बात यह है कि मदद या हाल पूछने कोई प्रशासनिक अधिकारी वृद्धा के पास अभी तक नहीं पहुंचा है। महिला पूर्व सैनिक की पत्नी है। उनकी एक बेटी तृप्ता भरेड़ी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और दूसरी बेटी नर्स है। तृप्ता के पति हमीरपुर में एडवोकेट हैं। तृप्ता का कहना है कि अगर मां का कोई बेटा होता तो आज यह दिन देखने नहीं पड़ते। सरकाघाट के विधायक इंद्र सिंह से आज सुबह बात हुई है वह हमीरपुर आ रहे है। याद रहे शनिवार को जब मामला सीएम जयराम ठाकुर के संज्ञान में आया तो उसके बाद महिला के बयान दर्ज किए गए थे। उसके बाद इस प्रकरण में 17 लोगों की गिऱफ्तारी भी हुई है। गिरफ्तारी से भड़के ग्रामीण पुलिस थाने का घेराव करने वाले थे लेकिन एसडीएम ने सरकाघाट में धारा 144 लगा दी। स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात हैं।
- Advertisement -