- Advertisement -
नूरपुर। शहर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से चल रही तकरार से परेशान होकर अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली है। नूरपुर तहसील के अंतर्गत देवभराडी गांव में 47 वर्षीय सुरेंद्र सिंह पुत्र गिरधारी ने अपने कच्चे मकान की छत की कड़ी से कपड़े का फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। बताया जा रहा है कि सुरेन्द्र सिंह की अपनी पत्नी ज्योति से कुछ समय से तकरार चल रही थी, जिसके चलते पत्नी अपने दोनों बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थी, जिसके चलते व्यक्ति मानसिक तनाव में था।
मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्र ने अपने घर पाले हुए बकरे को बेचने के लिए एक व्यक्ति को बुलाया था। जब वह व्यक्ति आज सुबह उसके घर आया तो उसे दरवाजा बंद मिला। उसने उसके भाई को बताया तो उन्होंने सुरेंद्र के कमरे का दरवाजा धक्का मार कर खोला। तो सुरेंद्र अंदर फंदे से लटका मिला। जिसके बाद पंचायत प्रधान को सूचना दी गई। प्रधान ने पुलिस को इस बारे जानकारी दी। सूचना के बाद सदवां चौकी से एएसआई माधो राम ठाकुर अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर में भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -