- Advertisement -
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में हिमस्खलन के चलते इंडियन आर्मी का मेजर रैंक का एक ऑफिसर शहीद हो गया, जबकि आठ जवानों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आर्मी ऑफिसर के साथ ही चार आम नागरिकों की मौत हो गई है। सोनमर्ग में जिस समय हिमस्खलन हुआ उस दौरान ऑफिसर अपने कैंप में था। पिछले वर्ष सियाचिन में फरवरी माह में आए बर्फीले तूफान में इंडियन आर्मी ने अपने 10 जवानों को खो दिया था। एक दूसरी घटना में गुरेज के बादूगाम गांव के तुलैल इलाके में भी हिमस्खलन की वजह से चार लोग मारे गए। ये चारों लोग अपने घर में मौजूद थे, जब हिमस्खलन आया।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक घर से एक बच्चे को बचाया गया है और उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। गुरेज में हिमस्खलन के कारण घर के दब जाने के कारण 55 साल के लोन, 50 साल की उनकी पत्नी अजीजी, 22 साल का उनका बेटा इरफान और 19 साल की उनकी बेटी गुलशन की मौत हो गई। जबकि उनके 18 साल के पुत्र रियाज को प्रशासन द्वारा सुरक्षित बचाकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा मंगलवार शाम ही बर्फीले तूफान आने की चेतावनी जारी की जा चुकी थी। भारी बर्फबारी के चलते घाटी का सड़क, रेल और हवाई संपर्क पूरी तरह से टूट गया है।विजिबिलिटी बेहद कम होने के चलते श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सभी तरह की उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा गुरुवार तक भारी बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की गई है।
- Advertisement -