-
Advertisement
लाहुल-स्पीति के त्यासो गांव में गिरा ग्लेशियर, दबने से एक की चली गई जान
Last Updated on January 14, 2020 by Deepak
कुल्लू। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति में भारी बर्फबारी के बाद अब ग्लेशियर गिरना शुरू हो गए हैं। ज़िला मुख्यालय से 7 किलोमीटर दूर ग्लेशियर (Glacier) में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। व्यक्ति की पहचान 65 वर्षीय नवांग छोपेल निवासी त्यासो थाना केलंग के रूप में हुई है। यह व्यक्ति त्यासो गांव में एक जरूरी काम के लिए घर से निकला था कि अचानक गांव के पास ही ग्लेशियर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत (Death) हो गई।
यह भी पढ़ें: मार्ग बहाल करने में जुटी JCB machine पलटी, ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान
हालांकि जिला प्रशासन ने प्रदेश के चार जिलों में सोमवार से ग्लेशियरों के स्लाइड को लेकर अलर्ट जारी किया है। त्यासो गांव में ग्लेशियर गिरने की यह पहली घटना है। बता दें कि लाहुल घाटी में भारी बर्फबारी होने से ढाई फीट से लेकर चार फीट तक बर्फ के ढेर लग गए हैं, जिससे हिमखंड गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। एसडीएम केलंग अमर सिंह (SDM Keylong Amar Singh) ने बताया कि त्यासो गांव के साथ लगते नाले में अचानक हिमखंड आ गया। रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों ने बर्फ में दब गए व्यक्ति के शव को निकाल लिया है। प्रशासन प्रभावित परिवार की यथासंभव मदद कर रहा है। एसडीएम ने कहा भारी बर्फबारी से लाहुल घाटी में हिमखंड गिरने की आशंका बढ़ गई है। लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। प्रशासन भी परिस्थिति पर नजर रखे हुए है।