- Advertisement -
ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत बढेड़ा में पेश आए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुरेश (45) पुत्र गुलजारी लाल निवासी बढेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बढेड़ा निवासी सुरेश बुधवार सुबह कार में सवार होकर घर से निकला था। इसी दौरान बढेड़ा बैंक के समीप पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मकान से जा टकराई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मश्क्कत कर व्यक्ति को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि सुरेश ने हादसे के कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। हादसे के कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। उधर, एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस थाना ऊना के तहत टक्का गांव में एक महिला ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे ऊना अस्पताल भर्ती करवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार टक्का निवासी सलोचना देवी ने मंगलवार रात को अज्ञात कारणों से किसी जहरीले पदार्थ को खा लिया। परिजनों को जैसे ही पता चला, वह उसे आनन-फानन में ऊना अस्पताल लेकर आए। अभी तक जहर खाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने कहा कि पीड़िता को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर है। उधर, एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
- Advertisement -