- Advertisement -
Swine flu : शिमला। राजधानी शिमला में आज स्वाइन फ्लू से एक पर्यटक की मौत हो गई है। मृतक 57 वर्षीय अविनाश पाटिल महाराष्ट्र का रहने वाला था। वह यहां घूमने आया था। मंगलवार रात 12 बजे उसे गंभीर हालत में आईजीएमसी में भर्ती करवाया गया। आज दिन में करीब दो बजे उसने दम तोड़ दिया। उसके शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ रमेश चंद ने स्वाइन फ्लू से अविनाश की मौत की पुष्टि की है।
अविनाश मंगलवार दिन में चंडीगढ़ से शिमला के लिए रवाना हुआ था। उसकी तबीयत चंडीगढ़ में भी खराब बताई जा रही थी। शिमला पहुंचकर वह एक होटल में ठहर गए। वहां रात को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें आईजीएमसी लाया गया। आज सुबह उनका सैंपल ले लिया गया था। उसमें उन्हें स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हो गई थी। उपचार के दौरान अविनाश ने दोपहर दो बजे अंतिम सांस ली।
शिमला में पहली, प्रदेश में दूसरी मौत
शिमला में स्वाइन फ्लू से किसी की पहली और प्रदेश में दूसरी मौत हुई है। एक मरीज की मौत कुछ दिन पहले डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल टांडा अस्पताल में हुई थी। आईजीएमसी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं, वहीं, अस्पताल में इस रोग के लिए दी जाने वाली टैमी फ्लू दवा भी उपलब्ध है।
- Advertisement -