-
Advertisement
नए साल पर लोगों को राहत, सस्ता हुआ प्याज; जानें कितने रुपए किलो बिका
Last Updated on January 1, 2020 by Deepak
शिमला। नए साल के शुरू होते ही प्याज के दामों (Onion Prices) में भी गिरावट आना शुरू हो गया है। खाद्य आपूर्ति विभाग (Food supply department) की छापामारी के बाद प्याज के दाम गिरना शुरू हो गए हैं। जो प्याज पहले 100 और 130 रुपए किलो बिक रहा था वह बुधवार को 80 रुपए में बिका। प्याज के दामों में गिरावट विभाग के लगातार निरीक्षण के बाद होना बताया जा रहा है। बता दें कि पिछले दो माह से प्रदेश भर में प्याज 100 रुपए और इससे अधिक के दामों पर बिक रहा था। लेकिन नए साल पर बुधवार को प्याज के दामों में अचानक आई गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली है।
यह भी पढ़ें: नव वर्ष के पहले दिन प्रसिद्ध शक्तिपीठों में उमड़ा आस्था का सैलाब
प्याज के बढ़े दामों से लोगों की रसोई का जायका भी बदल गया था। हालांकि लोगों ने दाम बढ़ने पर हरे प्याज की तरफ रुख किया था लेकिन वह भी 60 रुपए प्रतिकिलो बिक रहा है। बता दें कि खाद्य आपूर्ति विभाग ने शहर के कई क्षेत्रों में छापामारी की है। बुधवार को शहर की लोकल सब्जी मंडी लोअर बाजार में प्याज 80 रुपए किलो मिला। जबकि अफगानी प्याज 60 रुपए किलो की दर से बिका। प्याज के दामों में गिरावट आने से शहर के लोगों ने भी प्याज की मांग शुरू कर दी है। वहीं उपनगरों में अभी भी प्याज 90 से 100 रुपए प्रतिकिलो मिल रहा है। लेकिन नए साल पर प्याज के दामों ने लोगों को राहत देना शुरू कर दी है। प्याज के दाम बढ़ने के बाद लोकल मंडी में इसकी सप्लाई महज 2 से 3 क्विंटल रह गई थी लेकिन बुधवार को दस क्विंटल प्याज बिका।