- Advertisement -
मंडी। हिमाचल प्रदेश के क्रांतिकारी साहित्याकार एवं स्वतंत्रता सेनानी यशपाल की जयंती पर मंडी में जिला स्तरीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से किया गया था। कवि सम्मेलन में वेद प्रचारक एवं साहित्यकार आचार्य भगवान देव चैतन्य ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष दीनू कश्यप ने सम्मेलन की अध्यक्षता की। सम्मेलन में जिला भर से आए करीब 35 कवियों एवं साहित्यकारों ने भाग लिया। कवि सम्मेलन में क्रांतिकारी साहित्यकार एवं स्वतंत्रता सेनानी यशपाल के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बता दें कि यशपाल हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से संबंध रखते थे और आज भी यहां पर उनका पुस्तैनी घर मौजूद है। यशपाल ने न सिर्फ अपनी कलम से क्रांतिकारी होने का परिचय दिया, बल्कि स्वतंत्रता की जंग में भी अहम योगदान निभाया। यही कारण है कि हिमाचल प्रदेश उनके योगदान को हमेशा याद रखता है।
जिला भाषा एवं संस्कृति अधिकारी रेवती सैनी ने बताया कि यशपाल के लेख आज भी लोगों के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने बताया कि कवि सम्मेलन के दौरान मंडी जिला के वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण कुमार नूतन के व्यक्तित्व पर भी चर्चा की गई क्योंकि हाल ही में उनका जन्मदिन मनाया गया था।
- Advertisement -