- Advertisement -
मंडी।मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान पर बुधवार 28 नवंबर को होने वाले पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन के लिए पंडाल सज रहा है। यहां पर 30 हजार से पन्ना प्रमुखों के बैठने का इंतजाम किया जा रहा है। परिवहन और वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और सांसद राम स्वरूप शर्मा खुद तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। ठाकुर ने बताया कि बुधवार सुबह तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र के 90 प्रतिशत से अधिक पन्ना प्रमुखों के आने की संभावना है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे।केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, सीएम जयराम ठाकुर, पूर्व सीएम एवं सांसद शांता कुमार, पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल और प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह के प्रवास को देखते हुए सुरक्षा एजैंसियों ने मंडी में डेरा डाल दिया है।एनएसजी के अधिकारियों ने डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर, एसपी गुरदेव शर्मा ओर भाजपा नेताओं के साथ बैठक करके आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। राजनाथ सिंह चंडीगढ़ से मंडी हैलीकॉप्टर से आएंगे। उनका हैलीकॉप्टर कांगणी में लैंड करेगा। वहां से वह गाड़ी से पड्डल मैदान पहुंचेंगे। 750 जवान और 9 अधिकारी कानून व यातायात व्यवस्था संभालेंगे। पूरे कार्यक्रम को आठ सैक्टरों में बांटा गया है।
- Advertisement -