- Advertisement -
पांवटा साहिब। लंबे इंतजार के बाद शनिवार को नगर परिषद पांवटा के चुनाव में सीमा देवी को अध्यक्ष और राजेंद्र मान को उपाध्यक्ष चुन लिया गया। निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम पांवटा साहिब एलआर वर्मा की देखरेख में संपन्न हुई चुनाव प्रकिया के दौरान कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने चुनाव का बहिष्कार किया। चुनावी प्रक्रिया में बीजेपी समर्थित 7 पार्षदों के अलावा संजय सिंघल भी पहुंचे थे, लेकिन सिंघल ने बैठक बीच में छोड़कर किनारा कर लिया। बता दें कि भ्रष्टाचार के आरोपों की बाद कृष्णा धीमान को अध्यक्ष और नवीन शर्मा को उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था। चुनावी बैठक को लेकर कांग्रेस ने पहले ही बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया था।
नगर परिषद पांवटा साहिब में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों के चुनावों को लेकर पूरा दिन कशमकश जारी रही। दोपहर बाद विपक्षी पार्षदों ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुनावी प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया। चुनाव के दौरान वार्ड एक की पार्षद अनीता देवी ने अध्यक्ष पद के लिए वार्ड 13 की पार्षद सीमा देवी के नाम का प्रस्ताव रखा व कृष्णा धीमान ने अनुमोदन किया। जबकि, उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड 9 के पार्षद नवीन शर्मा ने वार्ड चार के पार्षद राजेंद्र मान के नाम का प्रस्ताव रखा व पवन जस्सल ने इसका अनुमोदन किया। चुनाव के अंतिम चरण में सीमा देवी को सर्वसम्मति से नप का अध्यक्ष व राजिंदर मान को उपाध्यक्ष चुन लिया गया। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद विधायक सुखराम चौधरी ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
- Advertisement -