-
Advertisement
गरीब प्रवासियों के लिए इन लोगों ने बढ़ाए हाथ, घर द्वार बांटा राशन और खाना
Last Updated on March 28, 2020 by Vishal Rana
ऊना। रोज कमाकर रोज पेट पालने का प्रबंध करने वाले दिहाड़ीदार प्रवासियों को भूखे पेट ना सोना पड़े इसके लिए समाजसेवी संस्थाएं प्रशासन के साथ कंधे के साथ कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। कर्फ्यू (Curfew) की स्थिति में काम धंधे पर ना जाने के कारण प्रवासियों को खाने के लिए कोई मुश्किल न हो इसलिए समाजसेवी संस्थाएं प्रशासन का सहयोग करके उन्हें घर द्वार पर ही राशन और बना बनाया खाना पहुंचा रहे है। ऊना (Una) जिला के विभिन्न स्थानों पर आज समाजसेवी संस्थाओं ने पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर सैंकड़ों प्रवासियों को खाने के पैकेट बांटे। शनिवार को भी बसाल में पुलिस जवानों ने राजेश्वरी देवी संस्था के सहयोग से करीब 300 लोगों को खाना वितरित किया। इस अवसर पर जिला ऊना के पुलिस कप्तान कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा सहित समाजसेवी संस्था के सदस्य भी मौजूद रहे।
गोहर में बांटी सात क्विंटल सब्जियां
गोहर। चैलचौक सब्जी के नागेंद्र फ्रूट कंपनी के मालिक नागेंद्र पाल व उनके पुत्र प्रेम सिंह ने लोगों की मदद के लिए प्रशासन के दिशा निर्देशानुसार गोहर, ख्योड व चैलचौक के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब सात क्विंटल सब्जियों का वितरण कर पुण्य का कार्य किया है।उन्होंने झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले गरीबों की और उनके बच्चों का दर्द समझते हुए नागेंद्र फ्रूट कंपनी चैलचौक ने थैलों में चार पांच किलो की दर से सब्जियों का वितरण किया है। उन्होंने कहा कि हम सभी को गरीबों की मदद करनी चाहिए।
हमीरपुर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को गरीब और असहाय परिवारों को राहत देने के लिए राशन से भरे टेंपो को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के माध्यम से नादौन की एसडीएम किरण भडाना को सौंपा। विधायक सुक्खू ने कहा है कि नादौन में गरीब और असहाय परिवारों को राशन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
संस्कार संस्था ने 20 प्रवासी परिवारों को बांटा राशन
बिलासपुर। पूरे विश्व मे फैली कोरोना वायरस महामारी के चलते जहां सभी लोग घरों में बंद हैं। वहीं कुछ ऐसे लोग भी हैं जिनकी भूख के कारण परेशानी बढ़ती जा रही है। ऐसे लोगों की मदद के लिए घुमारवीं की संस्कार संस्था आगे आई है। संस्था ने घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाली छत पंचायत में लगभग 13 प्रवासी परिवारों के 50 सदस्यों को राशन वितरित किया। जिसमें उन्होंने ने एक परिवार को 15 दिन का राशन बांटा। इसके अलावा लेठवी में 7 प्रवासी परिवार के 20 मजदूरों को राशन वितरित किया।
रेडक्रॉस सोसाईटी ने चैतडू में बांटा 6 किवंटल राशन
धर्मशाला। जिला रेडक्रास सोसाईटी के सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने आज यहां जानकारी देते हुये बताया कि सोसाईटी द्वारा आज चैतडू के आसपास रहने वाले झुग्गी झोंपडी निवासियों को 6 किवंटल राशन वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोन वायरस के दृष्टिगत आगे भी गरीब एवं जरूतरतमंद लोगों को राशन उपलब्ध करवाने के लिये प्रबन्ध किये जायेंगे।