- Advertisement -
कांगड़ा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल टांडा ( Dr. Rajendra Prasad Medical College Hospital Tanda)में गर्भवती की मौत मामले में आज फिर मायके वालों ने हंगामा कर दिया। सोमवार को जब महिला का पोस्टमार्टम ( Post mortem) हो रहा था तो उस समय मायके पक्ष के सैंकड़ो लोग अस्पताल पहुंच गए और महिला को न्याय दिलाने की मांग करने लगे। इससे पहले मायके वालों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर थाने का घेराव भी किया। महिला के सास-ससुर को पुलिस ने गत रात को ही गिरफ्तार ( Arrest)कर लिया है।
मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत छत्त से धक्का देने की वजह से हुई है। ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते रहते थे। जाहिर है सदरपुर निवासी अमन कुमार की पत्नी मीना कुमारी को गत सायं गंभीर हालत में टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, उपचार को दौरान आठ माह की गर्भवती मीना ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। मौत की खबर लगते ही कांगड़ा से महिला के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे और वहां पर ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए उन्होंने जमकर हंगामा भी किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी सुनील राणा ने मामले को शांत किया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मीना की सास-ससुर धर्मचंद को गिरफ्तार किया है।
- Advertisement -