- Advertisement -
अंबाला। प्रदेशवासियों को पूरी उम्मीद है कि 12 को करनाल में गुरू गोबिन्द सिंह के 350वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर आयोजित होने जा रहे समारोह में हरियाणा सरकार गुरू गोबिन्द सिंह के सम्बन्ध में किए गए अपने चुनावी वादों को जरूर पूरा करेगी। यह बात हरियाणा सिख फोरम के कनवीनर इंजीनियर बलबीर सिंह व अध्यक्ष जसदीप सिंह बेदी ने कही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2014 के विधान सभा चुनावों से पूर्व जारी अपने घोषणा पत्र में अंबाला या पंचकूला में गुरू गोबिन्द सिंह के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाए जाने व नाडा साहब – पंचकूला से कालाअम्ब जाने वाली सड़क का नाम गुरू गोबिन्द सिंह मार्ग रखे जाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि हरियाण सिख फोरम इन चुनावी वादों को पूरा करने के लिए पिछले लगभग 1 वर्ष से प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में पीएम नरेन्द्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, सीएम मनोहर लाल, बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, अंबाला के सांसद रतनलाल कटारियाए शिक्षा मंत्री अनिल विज, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क सहित अंबाला व पंचकूला के सभी विधायकों को पत्र भी लिखे गए हैं।
हरियाणा सिख फोरम के नेताओं ने कहा कि 5 जनवरी 2017 को गुरू गोबिन्द सिंह के प्रकाशोत्सव पर सीएम मनोहर लाल ने भी यह घोषणा कर दी थी कि अम्बाला संसदीय क्षेत्र में किसी बड़ी परियोजना का नाम गुरू गोबिन्द सिंह के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम की घोषणा के बाद हरियाणा के लोगों को पूरी उम्मीद है कि करनाल में आयोजित होने जा रहे प्रदेश स्तरीय समारोह में सरकार गुरू गोबिन्द सिंह जी के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाए जाने की घोषणा करेगी। उन्होंने कहा कि इस समारोह में पूरे हरियाणा प्रदेश से गुरूनानक नाम लेवा संगत पहुंचेगी क्योंकि इस समारोह को लेकर लोगों में भारी उत्साह पाया जा रहा है।
- Advertisement -