-
Advertisement
शाहपुरः CU के अस्थाई कैंपस के बाहर लोगों का धरना, मांगा कुछ हिस्सा
Last Updated on March 11, 2020 by Deepak
शाहपुर। केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) का कुछ हिस्सा शाहपुर में बनाए जाने की आवाज फिर उठी है। मांग को लेकर शाहपुरवासियों ने सीयू के अस्थाई कैंपस के बाहर धरना दिया। एसडीएम (SDM) के माध्यम से मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को ज्ञापन भेजा।
यह भी पढ़ें: तकनीकी सहायकों और अंशकालीन श्रमिकों के पदों के लिए जल्द करें आवदन, ये है Last date
सीयू 10-12 वर्ष से शाहपुर (छतड़ी) में अस्थाई रूप से चल रही है, जिस पर मानव संसाधन मंत्रालय ने लगभग 25 करोड़ रुपए साइंस लैब व भवन निर्माण पर खर्च किया है। लोगों का तर्क है कि इस स्थान से एयरपोर्ट 10 किलोमीटर, रेलवे की बड़ी लाइन 55 किलोमीटर दूर है। इसके साथ लगती 30 कनाल जमीन बंजर है, जिसकी मालिक हिमाचल सरकार है। इस जमीन को भी केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए उपयोग में लाया जा सकता है।
इस धरने पर कांग्रेस नेता केवल सिंह पठानिया भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह इस मांग को लेकर शाहपुरवासियों के साथ हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुछ हिस्से को शाहपुर में ही स्थायी रूप से चलाया जाए। पठानिया ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए ओर रास्ता भी अपनाना पड़ा तो वह उस रास्ते को भी शाहपुर की जनता के साथ अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय को लाने के लिए कांग्रेस पार्टी और शाहपुर वासियों का बहुत योगदान रहा है। जब केंद्रीय विश्वविद्यालय अच्छी तरह से शाहपुर में चल पड़ा तो बीजेपी के कुछ नेताओं ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक कर शाहपुर से इसको उठाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।