- Advertisement -
रविन्द्र चौधरी/फतेहपुर। पुलिस थाना इंदौरा के तहत पंचायत दीनी लारथ के निकट एक अधेड़ की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पवन सिंह( 50) पुत्र मिलखी राम निवासी गांव जैंट पंचायत दीनी लारथ रोजमर्रा की तरह शनिवार को मजदूरी करने घर से निकला था। शाम को घर आते वक्त घर से करीब 50 मीटर पहले तालाब पर हाथ -पांव धोने बैठ गया। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह तालब में जा गिरा। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिवार वाले उसे ढूंढते रहे लेकिन पवन सिंह का कोई पता न चला।
रविवार सुबह एक व्यक्ति ने तालाब के समीप पड़ा तौलिया देखा तो उसने तालाब में झांका, वहां पर एक लाश तैर रही थी। इसपर उसने लोगों को सूचित किया। स्थानीय लोगों के साथ जब पवन के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि तालाब में तैर रही शव पवन सिंह का था। तुरन्त इसकी सूचना पंचायत प्रधान तरसेम सिंह और पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवा कब्जे में ले लिया। दीनी लारथ पंचायत के पूर्व प्रधान रजिंद्र सिंह व मौजूदा प्रधान तरसेम सिंह ने बताया पवन सिंह गरीब परिवार से संबंध रखता था, जो कि दिहाड़ी-मजदूरी से परिवार का पालन पोषण करता था। सभी ने सरकार व प्रशासन से गरीब परिवार की आर्थिक मदद करने की गुहार लगाई है।
- Advertisement -