- Advertisement -
ऊना। जनकौर में जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में सरकारी डॉक्टर पियूष नंदा सहित दोनों गुटों के सात लोग घायल हुए हैं। डॉक्टर पियूष नंदा का गंभीर हालत के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ही इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि ऊना के गांव जनकौर में एक ज़मीनी विवाद को लेकर दो गुटों में जमकर हाथापाई और लाठियां चलीं।
इस हमले में ऊना के एक सरकारी डॉक्टर को गंभीर चोटें आई। डॉक्टर के शरीर पर लाठियों के निशान हमले का मिजाज साफ बयां करते हैं। बताया जाता है कि दोनों गुटों में जमीन की सरहद को लेकर पुराना विवाद था, जिस पर एक गुट द्वारा डंगा लगाया जा रहा था। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित डॉक्टर के पिता का दावा है कि जमीन पर कार्य नहीं किए जाने को लेकर दूसरे गुट से गुहार लगाने गए थे, लेकिन उन लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और इस अकस्मात हमले में उनके बेटे व तीन अन्य कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। वहीं, दूसरे गुट ने डंगे का निर्माण अपनी जगह में होने का दावा किया है तथा दूसरे धड़े पर मारपीट के आरोप जड़े हैं।
- Advertisement -