- Advertisement -
mann ki baat- नई दिल्ली। PM नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देश की जनता को रेडियो और दूरदर्शन पर संबोधित किया। पीएम मोदी ने भगत सिंह के बलिदान को याद करते हुए कहा कि भगत सिंह एक मजबूत व्यक्तित्व के मालिक थे और उनके इसी गुण से पूरी ब्रिटिश सल्तनत उनसे डरती थी। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को हम शब्दों में नहीं बांध सकते हैं।ये तीनों जेल में बंद थे, फांसी तय थी, लेकिन इनके साथ कैसे आगे बढ़ा जाए, इसकी चिंता ब्रिटिशों को हमेशा सताती रही। इसीलिए 24 मार्च को तय फांसी 23 मार्च को ही दे दी गई।
यह काम चोरी-छिपे से किया गया, जो आम तौर पर नहीं किया जाता और बाद में उनके शरीर को आज के पंजाब में ला करके, अंग्रेजों ने चुपचाप जला दिया था। मैं देश के नौजवानों से कहूंगा कि जब भी मौका मिले तो, पंजाब जाएं। वहां पर भगतसिंह, सुखदेव, राजगुरु, भगतसिंह की माताजी और बटुकेश्वर दत्त की समाधि के स्थान पर अवश्य जाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी कितने अनोखे थे और उनका व्यक्तित्व कितना अद्भुत था, इस बात का पता चंपारण सत्याग्रह से पता चलता है। मोदी 30वें मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश की जनता को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि चंपारण सत्याग्रह महात्मा गांधी द्वारा शुरु किए गए आरंभिक आंदोलनों में से एक था।आजादी की पूरी आंदोलन यात्रा में यह एक टर्निंग प्वाइंट था, खास कर संघर्ष की दृष्टि से। चंपारण का सत्याग्रह, खेड़ा सत्याग्रह, अहमदाबाद में मिल-मजदूरों की हड़ताल, और इन सबमें महात्मा गांधी की विचार और कार्यशैली का गहरा प्रभाव नजर आता था।
पीएम मोदी ने कहा, सवा-सौ करोड़ देशवासियों की ये बदलाव की चाह, बदलाव का प्रयास ही है, जो न्यू इंडिया की मजबूत नींव डालेगा। सभी देशवासी अगर संकल्प करें और मिलकर कदम उठाएं, तो न्यू इंडिया का सपना सच हो सकता है। हर कोई अपने धर्म और कर्तव्य का पालन करें, यही न्यू इंडिया की एक अच्छी शुरुआत बन सकता है। पीएम ने कहा कि मैं आपको निमंत्रण देता हूं कि स्वराज से सुराज की इस यात्रा में हम सभी जीवन को अनुशासित कर, संकल्पबद्ध करके जुड़ें।
मोदी ने बांग्लादेश के नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मैं कामना करता हूं कि बांग्लादेश आगे बढ़े, विकास करे और बांग्लादेशवासियों को भी मैं विश्वास दिलाता हूं कि भारत बांग्लादेश का एक मजबूत साथी है, एक अच्छा मित्र है और हम कंधे-से-कंधा मिला करके इस पूरे क्षेत्र के अन्दर शांति, सुरक्षा और विकास में अपना योगदान देते रहेंगे।
पीएम ने कहा कि योग भी मन को स्वस्थ रखता है। तनाव से मुक्ति, दबाव से मुक्ति, प्रसन्न चित्त की ओर प्रयाण, योग बहुत मदद करता है। 21 जून अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस है। आपके मन में तीसरे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में अगर कोई सुझाव है, तो आप मेरे मोबाइल एप की मदद से अपने सुझाव मुझे जरूर भेजें। योग के संबंध में जितने गीत, काव्यमय रचनाएं आप तैयार कर सकते हैं, वो करनी चाहिए, ताकि वो सहज रूप से लोगों को समझ आ जाता है।
26 फरवरी को अपने 29वें ‘मन की बातट कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वैज्ञानिक समुदाय की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा था कि एसरो ने कई अभूतपूर्व मिशन सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं। मंगलयान भेजने के बाद पिछले दिनों इसरो ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसरो ने मेगा मिशन के ज़रिये एक साथ विभिन्न देशों के 104 उपग्रह अन्तरिक्ष में सफलतापूर्वक लॉन्च किए हैं। 104 उपग्रह को अंतरिक्ष में भेजकर इतिहास रचने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना और यह लगातार 38वां पीएसएलवी का सफल लांच है।
- Advertisement -