Home » देश-दुनिया » Mann Ki Baat : रमजान की शुभकामनाओं के साथ पर्यावरण स्वच्छता की भी बात
Mann Ki Baat : रमजान की शुभकामनाओं के साथ पर्यावरण स्वच्छता की भी बात
Update: Sunday, May 28, 2017 @ 5:01 PM
योग के प्रति जागरुकता बढ़ाने पर दिया जोर
Mann ki Baat: नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत रमजान के पवित्र माह से की और मुस्लिम समुदाय को रमजान की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी रविवार को 32वीं बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित कर रहे हैं। मोदी ने इस दौरान 5 जून को पर्यावरण दिवस पर विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी। मोदी ने तीन पीढ़ी के लोग योग करते हुए तस्वीर भी भेजने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नौजवान कंफर्ट जोन से बाहर निकलें और जोखिम लें, यही तो काम करने की उम्र है। मोदी ने अपने संबोधन में कई बातों का जिक्र किया जैसे –
आज वीर सावरकर जी का जन्मदिन है। उन्होंने माझी जन्मठेप सेलुलर जेल में लिखी। आज़ादी के दीवानों ने कैसी कैसी यातनाएं झेली होंगी वहां। सबको वहां जाकर देखना चाहिए।
- 21 जून को विश्व योग दिवस पूरी दुनिया मनाती है, यह लोगों को जोड़ रहा है। तनाव मुक्त जीवन के लिए योग जरूरी है।
- तीन पीढ़ी के लोग योग करते हुए अपनी तस्वीर मुझे भेजें। योग के प्रति लोगों को जागरूक बनाने में अपना योगदान दें। योग दुनिया को भारत की बहुत बड़ी देन है।
- वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण के काम को बढ़ावा दें, योगदान दें।
- ये मेरे लिए बहुत ख़ुशी कि बात है कि मेरी यात्रा को भी स्वच्छता से जोड़ दिया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर देश के 4 हजार नगरों में सॉलिड व लिक्विड वेस्ट को कलेक्ट करने के लिए हरे व नीले रंग के कूड़ेदान उपलब्ध होंगे। सूखा कचरा नीले कूड़ेदान और गीला कचरा हरे कूड़ेदान में डालें।
कूड़े-कचरे को हम बेकार न मानें, वो संपदा हैं, एक संसाधन हैं। हम तरल कचरे और सूखे कचरे की भिन्नता को जानें और दोनों के लिए अलग-अलग कूड़ेदान का उपयोग करें।
- मैं उन सभी का धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हमारे सरकार के 3 सालों के कार्यों की विवेचना की। लोकतंत्र में सरकारों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
आज पीएम के कार्यक्रम में एक और बात खास होगी। इस बार पीएम के मन की बात का दूरदर्शन पर जो प्रसारण होगा उसमें संस्कृत सबटाइटल्स भी होंगे। दूरदर्शन की डीजी सुप्रीया साहू ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। इसके अलावा इस बार पीएम मोदी के ‘मन की बात’ को बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली के आरके पुरम इलाके में गरीब लोगों के साथ रेडियो पर सुना, वहीं बीजेपी गुजरात के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने भी अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर पीएम मोदी के ‘मन की बात’ सुनीं।