- Advertisement -
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को द्वितीय विश्व-युद्ध में नाज़ी जर्मनी पर रूस (तत्कालीन सोवियत संघ) की जीत की 75वीं वर्षगांठ और संविधान संशोधन के लिए जनमत-संग्रह के सफलतापूर्वक संपन्न होने की बधाई दी है। संविधान संशोधन के बाद पुतिन 2024 में समाप्त हो रहे मौजूदा कार्यकाल के बाद दो कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ सकते हैं। पुतिन ने कहा कि भारत और रूस (India and Russia) के बीच सामरिक सबंध और मजबूत होंगे। चीन से गतिरोध के बीच पुतिन का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है। जीत के बाद पुतिन को फोन मिलानेवाले मोदी पहले ग्लोबल लीडर थे। इस मौके पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और पीएम नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया। पुतिन ने इस बात को दोहराया कि सभी क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच विशेषाधिकार रणनीतिक साझेदारी को निभाने के लिए रूस प्रतिबद्ध है।
वहीं दूसरी तरफ यह खबर सामने आई है कि भारत-चीन सीमा पर तनाव के बीच मोदी सरकार ने देश की सैन्य ताकत को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। बतौर रिपोर्ट्स, भारत द्वारा मिग-29 लड़ाकू विमानों (MiG-29 Fighter Planes) की खरीद रूस से की जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने रूस से 33 फाइटर जेट खरीदने का ऐलान किया है। इसके लिए कुल बजट 18 हजार 148 करोड़ रखा गया है। इसके साथ ही मौजूदा मिग-21 लड़ाकू विमानों का अपग्रेडेशन भी से कराया जाएगा, जिसमें करीब 7 हजार 418 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा। वहीं, एसयू-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों को HAL से खरीदा जाएगा, जिन पर 10 हजार 730 करोड़ रुपए खर्च होंगे। रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने लड़ाकू विमानों और हथियारों की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। गुरुवार को रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक में 21 मिग-29 और 12 सुखोई (एसयू-30 एमकेआई) लड़ाकू विमानों की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही 59 मिग-29 लड़ाकू विमानों के अपग्रेडेशन की भी मंजूरी दी गई है।
- Advertisement -