-
Advertisement
#Gonda_Pujari_Attack मामले में बड़ा खुलासा : खुद पर कराई थी Firing, ग्राम प्रधान के साथ रची साजिश
Last Updated on October 18, 2020 by
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में पुजारी पर हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। तिर्रेमनोरमा के पूर्व ग्राम प्रधान अमर सिंह को फंसाने को लेकर रामजानकी मंदिर के महंत ने मौजूदा ग्राम प्रधान के साथ मिलकर पुजारी पर फायरिंग (Firing) की साजिश रची थी। इतना ही नहीं साजिश में हमले में जख्मी हुआ पुजारी (Pujari) भी शामिल था। पुलिस ने आरोपी महंत, ग्राम प्रधान उसके बेटे समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन तमंचा, तीन जिन्दा कारतूस, एक खोखा कारतूस व चार मोबाइल बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: #Gonda : मंदिर परिसर में घुसकर पुजारी को मारी गोली, जमीन को लेकर था विवाद
गौर हो कि तिर्रेमनोरमा में रामजानकी मंदिर के पुजारी अतुल त्रिपाठी उर्फ सम्राट दास को 10 अक्तूबर के मंदिर परिसर में गोली मार दी गई थी। पुजारी को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया था। मामले में मंदिर के महंत वृन्दाशरण त्रिपाठी उर्फ सीताराम दास ने तिर्रेमनोरमा के पूर्व ग्राम प्रधान अमर सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ थाना इटियाथोक में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार (Arrest) कर लिया था। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि विवेचना के दौरान सर्विलांस से मिले साक्ष्यों और गवाहों के बयान के बाद तिर्रेमनोरमा गांव में एक बाग से पुलिस ने आरोपी वृन्दाशरण त्रिपाठी उर्फ सीताराम दास, विपिन द्विवेदी उर्फ छोटू निवासी गुड़ थाना गुड़ जनपद रीवां मध्यक्ष प्रदेश, विनय कुमार सिंह, उसके बेटे नीरज सिंह निवासी तिर्रेमनोरमा, तिर्रेमनोरमा के ही निवासी मुन्ना सिंह, सोनू सिंह व शिवशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।एसपी ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से 315 बोर का तीन तमंचा, तीन जिन्दा कारतूस, एक खोखा कारतूस व चार मोबाइल फोन मिले हैं।
हिमाचल की ताजा अपडेट Live देखने के लिए Subscribe करें आपका अपना हिमाचल अभी अभी Youtube Channel
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में सीताराम दास ने बताया कि अमर सिंह से मंदिर की 120 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था इसलिए ग्राम प्रधान विनय सिंह व पुजारी सम्राट दास के साथ मिलकर घटना से एक माह पहले अमर सिंह को फंसाने के इरादे से साजिश रची थी। इससे महंत व ग्राम प्रधान दोनों का रास्ता साफ हो जाता। साजिश के तहत 10 अक्तूबर की रात नीरज सिंह, मुन्ना सिंह व सोनू सिंह मंदिर पहुंचे और वहां मुन्ना सिंह ने पुजारी को गोली मार दी। इसके बाद भागने लगे, फायरिंग की आवाज सुनकर होमगार्ड दौड़े तो आरोपियों ने होमगार्ड पर भी फायर किया मगर फायर मिस हो जाने से होमगार्ड बच गए। एसपी ने बताया कि साजिश में पुजारी अतुल त्रिपाठी उर्फ सम्राट दास भी शामिल था। आरोपी सूरज सिंह की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। पुजारी का लखनऊ में इलाज रहा है। पुजारी के स्वस्थ्य होने पर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।