- Advertisement -
sukma: रायपुर। सुकमा हमले को लेकर पुलिस ने मुहिम जारी कर दी है। पुलिस ने हमले में शामिल नक्सलियों की तस्वीरें जारी की हैं, जिनपर आरोपियों के नाम, तस्वीर और अन्य जानकारी दी है। पुलिस ने इन नक्सलियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ने वालों के लिए 40 लाख से लेकर 3 लाख रुपए तक का इनाम रखा गया है।साथ ही यह विश्वास दिलाया है कि जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। आपको बता दें कि 24 अप्रैल को सुकमा में करीब 300 नक्सलियों ने 150 सीआरपीएफ जवानों पर हमला बोल दिया था, जिसमें 26 जवान शहीद हो गए थे।
जारी किए गए पोस्टर में सबसे ऊपर रामन्ना उर्फ संतोष रावुला श्रीनिवास का नाम है। इसके सिर पर 40 लाख का ईनाम रखा गया है। आंध्र प्रदेश का रहने वाला रामन्ना सीपीआई (माओवादी) की सेंट्रल कमेटी का सदस्य होने के साथ दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का भी सदस्य है। रामन्ना सुकमा में सबसे सक्रिय नक्सलियों में से एक है।
सुरेंद्र उर्फ माड़वी सिमा पर 10 लाख का ईनाम जारी किया गया है। उसे रघु, मड़कामी सोजा, बारसे, सोमा सोढ़ी जैसे नामों से भी जाना जाता है। पुलिस के मुताबिक माड़वी सिमा सीपीआई (माओवादी) की दरभा डिवीजन कमेटी का सचिव है।
इस नक्सली महिला को पकड़ने वाले को पुलिस 8 लाख रुपए का ईनाम दे रही है। वनोजा नक्सलियों की प्लाटून नंबर 9 की कमांडर है और आंध्र प्रदेश के चिन्नाबोड़केल गांव की रहने वाली है।
लिस्ट में सोड़ी लिंगे एक और महिला है। यह पोद्दाबोड़केल इलाके में कई वारदातों में शामिल रही है और पामेड़ थाने के तहत जारापल्ली गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उस पर 5 लाख रुपए का ईनाम रखा है।
इस फेहरिस्त में अगला नाम एक और महिला नक्सली माड़वी मंगली का है। इस पर पुलिस ने 3 लाख रुपए का ईनाम रखा है। नक्सलियों के सेक्शन 2 की प्लाटून नंबर 8 की कमांडर माड़वी मंगली का पति राजेश नक्सलियों के मिलिट्री विंग का चीफ है।
- Advertisement -