- Advertisement -
शिमला। राजधानी के साथ लगते तारादेवी जंगल में 24 जुलाई की रात को बेसुध हालत में मिली महिला की आज सुबह आईजीएमसी अस्पताल में मौत हो गई। यह महिला अस्पताल में भर्ती थी और जबसे मिली थी बेसुध ही थी। चिकित्सकों ने उसे होश में लाने और उसकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन आज सुबह 4 बजे उसकी मौत हो गई। महिला को अस्पताल में वेंटीलेटर पर रखा था। एक सप्ताह तक महिला जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थी।
गौर हो कि 24 जुलाई को तारादेवी की आनंदपुर पंचायत प्रधान ने पुलिस को सूचना दी थी कि तारादेवी जंगल में बेसुध हालत में एक महिला पड़ी हुई है। इस पर पुलिस ने वहां पहुंच कर महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और वहां भर्ती किया था। पुलिस ने इस संबंध में आईपीसी की धारा 307 के तहत, यानी मारने की कोशिश का मामला अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या फिर किसी रिश्तेदार ने इस महिला को मारने के मकसद से इसे जंगल में फेंका है। यह महिला गर्भवती थी, लेकिन वह होश में ही नहीं आई। ऐसे में पुलिस को अभी तक यह भी पता नहीं चला है कि आखिर यह महिला कौन है। पुलिस इस महिला का पता लगाने के लिए अब आधार की मदद ले रही है और उसने केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस संबंध में लिखा है। यूआईआईडी में फिंगर प्रिंट मिलने से इस महिला का पता चल पाएगा। इस बीच, अब महिला की मौत हो गई है और अब पुलिस आज इसका पोस्टमार्टम करवाएगी।
- Advertisement -