- Advertisement -
दयाराम कश्यप/सोलन। ठोडो मैदान में आजकल अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भरमार हैं। जी हां, यहां पर आयोजित हो रही 9 वीं राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक्स चैपिंयनशिप में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं, जिनमें 85 वर्षीय गोल्ड मेडल विजेता गुरमीत सिंह सिद्धू भी शामिल हैं।
प्रदेश में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय महिला धावक भी हिस्सा ले रही हैं, जिन्होंने कई बार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। गोल्ड मेडल विजेता गुरमीत सिंह सिद्धू ने बताया कि उम्र मायने नहीं रखती अगर आपके अंदर कुछ कर गुजरने का जुनून है तो। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चे भी उनसे इस उम्र में फिटनेस का राज पूछते हैं। वह बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित भी करते रहते हैं।
सोलन जिला की महिला धावक मनीषा ने बताया कि महिलाएं पुरुषों से किसी भी रूप में कम नहीं हैं। आज भी उन्होंने 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वस्थ्य रहने के लिए कुछ भी कर सकती है, जिसके लिए एथलेटिक्स एक अच्छा माध्यम है। हेमर थ्रो और शॉटपुट में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हंसा ठाकुर ने बताया कि वह विगत वर्ष ही राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड़ मेडल जीत कर आई हैं, लेकिन उनके मन में राज्य सरकार के प्रति एक मलाल है कि राज्य सरकार उन्हें प्रोत्साहन नहीं दे रही है जैसे कि दूसरे राज्यों में खिलाड़ियों को मिलता है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग कि है कि वह उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए दूसरे राज्यों की तरह प्रोत्साहन राशि दें, जिससे कि प्रदेश में अधिक से अधिक महिला खिलाड़ी उभर सकें।
- Advertisement -