- Advertisement -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind) ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के वाइस चांसलर (VC) प्रोफेसर योगेश त्यागी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक राष्ट्रपति ने त्यागी पर लगे कर्तव्य पालन में लापरवाही के आरोपों की जांच का भी निर्देश दिया है। इसके साथ ही योगेश त्यागी के चिकित्सा आधार पर अनुपस्थिति की उनकी अवधि के दौरान जारी किए आदेशों को अमान्य माना जाएगा। अब प्रोफेसर पीसी जोशी VC का काम संभालेंगे।
मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी द्वारा इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि त्यागी पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके, इसके लिए यूनिवर्सिटी के विजिटर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें निलंबित कर दिया है। इससे वह सबूतों से छेड़छाड़ या गवाहों को प्रभावित करने में सक्षम नहीं रहेंगे। अधिकारी द्वारा आगे बताया गया कि मेडिकल ग्राउंड पर छुट्टी पर गए योगेश त्यागी की तरफ से इस अवधि के दौरान दिए गए सभी आदेश या उनकी मंजूरी से निकले आदेश रद्द कर दिए गए हैं। उन्हें शून्य माना जाएगा।
बता दें कि कुलपति के खिलाफ प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े ढेरों मामले सामने आने के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने पिछले दिनों सख्त रूख दिखाते हुए उनके खिलाफ उच्च स्तरीय जांच कराने का फैसला लिया था। साथ ही इसे लेकर राष्ट्रपति से अनुमति मांगी थी। मंगलवार को राष्ट्रपति से अनुमति मिलने के बाद मंत्रालय ने कमेटी के गठन का काम भी शुरू कर दिया है। प्रोफेसर योगेश त्यागी 10 मार्च 2016 से दिल्ली विश्वविद्यालय में वाइस चांसलर का कार्यभार संभाल रहे थे।
- Advertisement -