- Advertisement -
नई दिल्ली। देश की सबसे सुरक्षित कही जाने वाली तिहाड़ जेल (Tihar Jail) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कैदी ने दूसरे कैदी की चाकू और सुएं जैसे नुकीले हथियार से हत्या (Murder) कर दी। उसकी गर्दन पर चाकू जैसे हथियार के पांच-छह वार किए गए। गर्दन की नसें फट जाने से कैदी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हत्या की यह वारदात सोमवार सुबह उस समय हुई जब कैदियों को बैरक से बाहर निकाला जा रहा था। उसी दौरान एक कैदी ने दूसरे कैदी पर घात लगाकर हमला कर दिया। माना जा रहा है कि उसने इसकी पहले से ही तैयारी कर रखी थी। तभी उसने लोहे की एक पत्ती को घिस-घिसकर नुकीला बना दिया था।
इसके बाद हमलावर जाकिर ने उसकी गर्दन पर लगातार पांच वार किए। हमले में मेहताब बुरी तरह जख्मी हो गया। यह देख जेल कर्मियों ने जाकिर को पकड़ लिया और खून से लथपथ मेहताब को तुरंत जेल की डिस्पेंसरी ले जाया गया। उसकी हालत को देखते हुए उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधिकारियों का कहना है कि मृतक का नाम मोहम्मद मेहताब है। जबकि इसकी हत्या करने वाले आरोपी कैदी का नाम जाकिर (21) है। उन्होंने बताया कि मृतक रेप (Rape) के एक मामले में महताब गिरफ्तार होकर 2014 में जेल में आया था।
वहीं, हमलावर जाकिर वर्ष 2018 से जेल में बंद है। उसके खिलाफ जैतपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज है। जाकिर पहले जेल नंबर पांच में बंद था और कुछ दिन पहले ही उसे जेल नंबर आठ-नौ में स्थानांतरित किया गया था। जेल प्रशासन का कहना है कि अभी तक की जांच में पता लगा है कि इन दोनों की पहले से ही किसी बात को लेकर कोई दुश्मनी चल रही थी। इसी के चलते इनमें झगड़ा हुआ और एक ने दूसरे की हत्या कर दी।
- Advertisement -