-
Advertisement
बाहर रह रहे Kangra निवासी घर वापसी की सोच रहे तो बदल दें इरादा, नहीं मिलेगा प्रवेश
Last Updated on March 22, 2020 by Deepak
धर्मशाला। अगर आप कांगड़ा (Kangra) के निवासी हैं और बाहर कहीं रहते हैं, कांगड़ा आने की सोच रहे हैं तो अपना इरादा बदल दें। जहां पर हैं वहीं पर रहें। कल लॉकडाउन के चलते निजी और एचआरटीसी की बसें, टैक्सियां, ऑटो रिक्शा और निजी वाहनों के चलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध होगा। मात्र इमरजेंसी के वाहन ही सड़कों पर दौड़ सकेंगे। डीसी (DC) कांगड़ा राकेश प्रजापति ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर कोई वाहन नहीं दौड़ सकेगा। बता दें कि डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति के पास कुछ लोग मिले थे।
यह भी पढ़ें: ब्रेकिंगः हिमाचल में 1237 लोगों ने की है Coronavirus प्रभावित देशों की यात्रा, पढ़ें लिस्ट
उन्होंने मांग रखी थी कि बाहर रह रहे कांगड़ा के लोगों को कांगड़ा प्रवेश की अनुमति दी जाए। इस पर डीसी ने कल यानि 23 मार्च के दिन निजी वाहनों को चलने की छूट दी थी। डीसी ने कांगड़ा बॉर्डर से निजी वाहनों में लोगों को लाने की अनुमति देने की बात की थी। लेकिन, देर शाम लिए निर्णय में निजी वाहनों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी है। ऐसे में अब कांगड़ा के बाहर रह रहे कांगड़ा निवासी भी अगले आदेशों तक कांगड़ा में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने कहा कि कल निजी वाहनों को भी चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस बाबत भी आदेश प्राप्त हुए हैं। इमरजेंसी वाहनों के सिवाए कोई भी वाहन नहीं चलेगा।
धर्मशाला में मीडिया से बातचीत में डीसी राकेश प्रजापति ने कहा कि कल से शुरू हो रहे लॉकडाउन को अपना कर्फ्यू नाम दिया है। लोगों से अपील की है कि अपना कफ्र्यू को अपना कर्तव्य समझें और सामाज को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन का साथ दें। उन्होंने कहा कि अस्पताल के अलावा जरूरी कार्यों के कार्यालय खुले रहेंगे। इसके अलावा किराना, दूध, ब्रेड, सब्जी व फू्रट की दुकानें भी खुली रहेंगी। पेट्रोल पंप भी खुले रहेंगे। साथ ही ऑनलाइन डिलीवरी पर भी रोक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा या बाहरी जिलों व राज्यों के लोगों को कांगड़ा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में आर्मी जवानों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। डीसी ने बताया कि कांगड़ा में कोरोना वायरस 19 संदिग्धों के सैंपल लिए गए थे। इसमें से 17 नेगेटिव पाए गए हैं। दो के सैंपल फेल हुए हैं। इसमें एक हमीरपुर व एक कांगड़ा का है। यह सैंपल सही तरीके से खून के नमूने एकत्रित ना करने के चलते फेल हुए हैं।