-
Advertisement
सोनिया गांधी से ED की पूछताछ जारी, कांग्रेस कार्यकर्ता कर रहे विरोध-प्रदर्शन
Last Updated on July 21, 2022 by Neha Raina
कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पहुंच गई हैं। ईडी सोनिया गांधी ने नेशनल हेराल्ड मामले (National Herald Case) में पूछताछ जारी कर दी है। वहीं, कांग्रेस के नेता दफ्तर के बाहर हंगामा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के लिए ईडी से कुछ राहत की मांग कर सकती हैं। सोनिया गांधी की सेहत अभी पूरी तरह ठीक नहीं है। उन्हें बोलने में दिक्कत है। ऐसे में प्रियंका उनकी मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर ईडी (ED) से राहत की मांग कर सकती हैं।
यह भी पढ़ें- अटल टनल पर गंदगी हटाने का क्या बनाया प्लान, हाईकोर्ट ने मांगी जानकारी
सूत्र ने कहा कि सोनिया गांधी को कोविड-19 (Covid 19) से संक्रमित होने के बाद से बोलने में काफी दिक्कत हो रही है। सूत्र ने कहा कि सोनिया गांधी को यह समस्या बीमारी के कारण हुई है। अपने खराब स्वास्थ्य के कारण, सोनिया गांधी पहले भी जांच में शामिल होने में असमर्थता जता चुकी हैं। सोनिया गांधी से एक महिला समेत संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारियों की टीम पूछताछ करेगी।
ईडी सूत्रों ने दावा किया कि उनसे वही सवाल पूछे जाएंगे जो राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से उनकी पांच दिन की पूछताछ के दौरान पूछे गए थे। सोनिया गांधी से यंग इंडिया और एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड (एजेएल) के बीच सौदे में उनकी भूमिका के बारे में पूछा जाएगा।
बता दें कि कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दफ्तर में पूछताछ के लिए हाजिर हुईं हैं। वो जेड प्लस सिक्योरिटी में ईडी दफ्तर पहुंची हैं। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं। इसी बीच कांग्रेस मुख्यालय के बाहर दिल्ली पुलिस ने राजस्थान सीएम सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया है। सोनिया गांधी से पूछताछ से पहले कांग्रेस मुख्यालय और प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और यातायात के कई रूट बदल दिए गए हैं। 24 अकबर रोड से ईडी कार्यालय पर्यावरण भवन, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड तक के रास्ते में बैरिकेड लगाए गए थे।
कांग्रेस ने व्यक्त की नाराजगी
सोनिया गांधी की ईडी से पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस ने नाराजगी व्यक्त की है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत व अन्य नेताओं ने सड़क पर धरना दे दिया। हालांकि इस मौके पर कुछ अन्य पार्टी के नेता भी धरने में शामिल हुए। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा, सरकार पूरी तरह से गलत कर रही है। जिस मामले में कुछ है नहीं उसमें परेशान किया जा रहा है। ईडी ने पिछली बार राहुल गांधी को बुलाया था, 5 दिन पूछताछ हुई और आज सोनिया गांधी को बुलाया गया है। सरकार को शर्म नहीं आती कि, किसी महिला से इस रूप में व्यवहार कर रहे हैं।
देश की सड़कों पर उमड़ता यह जनसैलाब इस बात का सबूत है कि तानाशाही षड्यंत्र के खिलाफ इस लड़ाई में हम पीछे नहीं हटने वाले।
झूठ को करारा जवाब मिलेगा, सच की जीत होगी।#सत्य_साहस_सोनिया_गांधी pic.twitter.com/goMEG372y2
— Congress (@INCIndia) July 21, 2022
दिल्ली पुलिस द्वारा पार्टी के नेताओं को हिरासत में लेने पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,कि दिल्ली पुलिस हिरासत में ले रही है तो लेने दीजिए और हम जेल भरो आंदोलन भी करेंगे। सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन कर रही है। इसी के साथ ही कांग्रेस देश भर में ईडी दफ्तर का घेराव भी कर रही है। सोनिया गांधी को ईडी ऑफिस बुलाए जाने का विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने बंगलुरु स्थित ईडी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता की सेंट्रो कार को आग लगा दी।
दरअसल, ईडी नेशनल हेराल्ड मामले में तथाकथित रूप से वित्तीय अनियमितता के मामले में सोनिया गांधी से सवाल करेगी। इस केस में ईडी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कंपनी से जुड़े कई अन्य कांग्रेस नेताओं पर पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने भी एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से गुरुवार को कुछ सड़कों से बचने को कहा है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कृपया सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड से बचें। विशेष व्यवस्था के कारण इन सड़कों पर यातायात की आवाजाही संभव नहीं होगी। लोगों से गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से ऊपर बताए गए समय के दौरान बचने के लिए भी कहा गया है।
–आईएएनएस