-
Advertisement
Covid-19 के इलाज के लिए Punjab आने वाले पंजाबियों का स्वागत है: CM अमरिंदर सिंह
चंडीगढ़। पंजाब समेत पूरे देश में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच पंजाब (Punjab) के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) ने एक बड़ा ऐलान किया है। सीएम अमरिंदर सिंह ने फेसबुक लाइव (FB Live) पर कहा है, ‘(राज्य के) अस्पताल में बेड रिज़र्व करवाने के लिए पंजाबियों का स्वागत है, वापस आइए और सीधे अस्पताल जाइए।’ इससे पहले सीएम ने पंजाब में प्रवासियों की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए कहा था, ‘हम राज्य में प्रवेश के नियमों को सख्त बनाने जा रहे हैं।’ जिसके बाद अब अमरिंदर सिंह ने कोरोना के फैलाव को रोकने के लिए दिल्ली से आने वालों की सख्ती से जांच के आदेश दिए।
हरियाणा और दिल्ली से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आ रहे
कैप्टन फेसबुक लाइव पर सवाल का जवाब दे रहे थे। दूसरे राज्य की सीमा सील करने के सवाल पर कैप्टन ने कहा बेशक राजस्थान, हिमाचल ने पंजाब से लगती सीमाओं को सील कर दिया है, लेकिन हरियाणा और दिल्ली से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। शुक्रवार को ही 6500 वाहन दाखिल हुए, जिनमें लगभग 20 हजार लोग थे।
यह भी पढ़ें: Sirmaur: फौजी की पत्नी ने मायके में पेड़ से फंदा लगाकर दी जान
पंजाब में कुल केसों में से 1471 केसों में बाहरी लोगों और उनके संपर्क को ढूंढ़ा जा सकता है। राज्य में केस बढऩे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में लोगों की आमद में खासी वृद्धि होने को कारण बताया। उन्होंने बताया कि एक महीने में लगभग 43000 लोग राज्य में आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार प्रदेश में प्रवेश के नियमों को और सख्त बनाने पर विचार कर रही है।
एक महीने में दिल्ली से आए कुल 97 लोगों को संक्रमित पाया गया
वहीं दूसरी तरफ पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने शनिवार को कहा कि पिछले एक महीने में दिल्ली से पंजाब आए कुल 97 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए, सिद्धू ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी अस्पतालों में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच करवाने में विफल होने के बाद ये लोग जांच के लिए पंजाब आए। सिद्धू ने यहां एक बयान में कहा ‘दिल्ली में किसी भी तरह का इलाज पाने में नाकाम रहने पर लोग जांच करवाने के लिए पंजाब आ रहे हैं।’ हालांकि, यह पता लगाया जाना बाकी है कि उनमें से कितने दिल्ली के स्थायी निवासी हैं।
