- Advertisement -
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मध्यप्रदेश के दतिया से राज्य में चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘मोदी जी ने पीएम बनने से पहले कहा था कि मेरे आने से पहले देश सो रहा था। यह कांग्रेस के नेताओं, किसानों और युवाओं का अपमान है।’
राहुल गांधी ने कहा, मोदी सरकार ने 10-12 अमीर लोगों का 3 लाख 50 हजार करोड़ माफ किया। लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सकते हैं। राहुल ने कहा कि एमपी में सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार हर जिले में फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री लगाएगी। इससे किसान को अपने माल का सही दाम मिलेगा। कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ होगा।
राहुल ने राफेल का मुद्दा उठाते हुए कहा, “यूपीए सरकार ने राफेल लड़ाकू विमान का कांट्रैक्ट एचएएल को दिया था। नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने और राफेल का कांट्रैक्ट एचएएल से छीनकर अपने मित्र अनिल अंबानी को दिया। एचएएल पर एक रुपया कर्ज नहीं है। उल्टा सरकार ने एचएएल से 3000 करोड़ रुपया लिया। अनिल अंबानी पर 45000 करोड़ रुपये का कर्जा है। चौकीदार ने अपने मित्र अनिल अंबानी को 30 हजार करोड़ रुपये का फायदा पहुंचाया।”
- Advertisement -