-
Advertisement
Live : राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहुंची दिल्ली-नौ दिन का रहेगा ब्रेक
Last Updated on December 24, 2022 by Neha Raina
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा की शनिवार सुबह दिल्ली (Delhi) में एंट्री हो गई है। तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हुए आज यात्रा ने 108 दिन पूरे कर लिए हैं। यात्रा को आज अगले नौ दिन के लिए ब्रेक दिया जा रहा है। इससे पहले दिल्ली में यात्रा एक दिन में ही 23 किलोमीटर का सफर तय करेगी। राहुल गांधी ने शनिवार सुबह पार्टी नेताओं के साथ फरीदाबाद के एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन (NHPC Metro Station in Faridabad) से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी के साथ पार्टी के कई नेता साथ हैं। यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आज कई इलाकों के लिए एडवाइजरी जारी कर रखी है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के मंत्री का सवाल-कौन सी दवाई खाते हैं राहुल जो उन्हें ठंड नहीं लगती
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) ने शनिवार सुबह बदरपुर बॉर्डर (Badarpur Border) से करीब 6: 30 बजे दिल्ली में एंट्री की। भारत जोड़ो यात्रा करीब सुबह 10:30 बजे आश्रम चौक के पास पहुंची। दिल्ली कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने वाले अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को मास्क पहनकर आने का निर्देश दिए थे। गौरतलब है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी (Kanyakumari) से शुरू हुई थी। यात्रा ने अब तक 9 राज्यों को कवर किया है। जिनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल है। हरियाणा में दूसरा फेज भी होना बाकी है। नौ दिन के ब्रेक के बाद यात्रा 3 जनवरी 2023 को फिर से शुरू होगी। नए साल में यूपीए हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब के बाद जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के लिए रवाना होगी।