- Advertisement -
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का पहला सेट दाखिल किया। राहुल गांधी के लिए पहले सेट के लिए कांग्रेस नेता अहमद पटेल, पुडुचेरी नारायण सामी, दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित, मोतीलाल वोरा, कमलनाथ, मोहसिना किदवई, तरुण गोगोई और अशोक गहलोत प्रस्तावक बने। राहुल गांधी के पार्टी अध्यक्ष के पद के लिए पर्चा भरने से पहले पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। उम्मीद है कि कांग्रेस अध्यक्ष बनने की कवायद में राहुल इकलौते उम्मीदवार होंगे क्योंकि सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है और किसी ने भी अभी तक पर्चा नहीं भरा है। राहुल गांधी अपने नामांकन पत्रों के चार सेट जमा करेंगे। उनके चार नामांकनों में सोनिया गांधी उनकी पहली प्रस्तावक होंगी। मनमोहन सिंह उनके दूसरे नामांकन में प्रमुख प्रस्तावक होंगे।
132 साल पुरानी पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए कुल 90 प्रस्ताव दाखिल होंगे, हर प्रस्ताव में 10.10 प्रस्तावक होंगे। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 20 नेता भी राहुल गांधी के अध्यक्ष पद के लिए भरे जाने वाले नामांकन पत्र में प्रस्तावक होंगे। इनमें सीएम वीरभद्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सीडब्ल्यूसी सदस्य आशा कुमारी, विद्या स्टोक्स, ठाकुर कौल सिंह, जीएस बाली, सुधीर शर्मा, मुकेश अग्निहोत्री, ठाकुर सिंह भरमौरी, कर्नल धनीराम शांडिल के साथ-साथ चंद्र कुमार, रामलाल ठाकुर, विप्लव ठाकुर, राकेश कालिया, रोहित ठाकुर, कुलदीप कुमार, राजेश धर्माणी, सोहन लाल समेत कई अन्य नेता शामिल हैं।
- Advertisement -