- Advertisement -
नई दिल्ली। राफेल डील के मामले में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा मांगा है। गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में राहुल ने मीडिया के सामने आरोप लगाया कि पीएम मोदी भ्रष्ट हैं। उन्हें इस मामले में अपना नाम आने पर इस्तीफा देना चाहिए।
राहुल गांधी ने कहा कि राफेल लड़ाकू विमानों की डील के जरिए पीएम मोदी ने उद्योगपति अनिल अंबानी की जेब में 30 हजार करोड़ रुपये डाले हैं। राहुल ने यह भी सवाल किया कि विदेश मंत्री निर्मला सीतारमण इस समय फ्रांस क्यों गई हैं। इस समय फ्रांस में ऐसा क्या पक रहा है कि उन्हें वहां जाना पड़ा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर पीएम इस मामले पर बोल नहीं पा रहे हैं तो वह इस्तीफा दे दें। उन्होंने कहा कि राफेल डील साफतौर पर रक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार का मामला है। इस भ्रष्टाचार को समझने के लिए सारी चीजें सामने हैं। धीरे-धीरे इस सौदे की गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इस मामले में कांग्रेस ने जेपीसी बनाकर जांच की मांग की थी। लेकिन बीजेपी इससे पीछे हट गई। राहुल का कहना है कि इस मामले में फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति के बयान के बाद अब राफेल की निर्माता कंपनी दसॉ कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ने कहा है कि इस सौदे में अनिल अंबानी की कंपनी को साझेदार बनाने की शर्त थी।
- Advertisement -