-
Advertisement
बुलेट ट्रेन परियोजना निलंबित करने की बजाय DA काटना सरकार का अमानवीय निर्णय- राहुल गांधी
नई दिल्ली। भारत में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच गुरुवार को भारत सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले डीए (DA) यानी महंगाई भत्ते की बढ़ी हुई इंस्टॉलमेंट पर रोक लगा दी। महंगाई भत्ते की बढ़ोतरी पर लगी ये रोक एक जुलाई 2021 तक जारी रहेगी। जिसके बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्र सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले को अमानवीय कदम करार दिया है। राहुल गांधी ने इस संबंध में एक ट्वीट कर कहा कि लाखों करोड़ की बुलेट ट्रेन परियोजना और केंद्रीय विस्टा सौंदर्यीकरण परियोजना को निलंबित करने की बजाय कोरोना से जूझ कर जनता की सेवा कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशन भोगियों और देश के जवानों का महंगाई भत्ता (DA) काटना सरकार का असंवेदनशील तथा अमानवीय निर्णय है।
लाखों करोड़ की बुलेट ट्रेन परियोजना और केंद्रीय विस्टा सौंदर्यीकरण परियोजना को निलंबित करने की बजाय कोरोना से जूझ कर जनता की सेवा कर रहे केंद्रीय कर्मचारियों, पेंशन भोगियों और देश के जवानों का महंगाई भत्ता(DA)काटना सरकार का असंवेदनशील तथा अमानवीय निर्णय है।https://t.co/LTGPf53VsA
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) April 24, 2020
राहुल गांधी के इस ट्वीट को उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी रिट्वीट किया। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने जिस कटौती का ऐलान किया है उससे करीब सरकारी खजाने में सवा लाख करोड़ रुपए की बचत होगी। कोरोना वायरस की वजह से पैदा हुए संकट के बीच सरकार इसे बड़ा कदम बता रही है। गौरतलब है कि बीते मार्च महीने में सरकार ने अपने केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी के लिए महंगाई भत्ते में चार फीसदी का इजाफा कर दिया। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों को 17 की बजाए 21 फीसदी महंगाई भत्ता मिलने की उम्मीद थी। लेकिन अब सरकार ने इस बढ़ोतरी पर रोक लगा दी है। ये रोक जुलाई 2021 तक के लिए लागू है।
