-
Advertisement

हिमाचल युवा कांग्रेस को एक मंच पर लाए राजीव शुक्ला, अब प्रचार में उतरेगी यंग ब्रिगेड
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव (Himachal Vidhan Sabha Election) से पहले रूठों को मनाने में कांग्रेस (Congress) काफी हद तक कामयाब रही है। कांग्रेस को सबसे बड़ी सफलता नाराज युवा कांग्रेस नेताओं को एक मंच ना लाने के बाद मिली है। विधानसभा चुनाव में टिकट ना मिलने की वजह से नाराज चल रहे हिमाचल यूथ कांग्रेस (Himachal Youth Congress) के नेताओं को कांग्रेस ने एक मंच पर लाकर एकता का संदेश दिया है। हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला (Rajiv Shukla) ने कहा कि यूथ कांग्रेस की नाराजगी की खबरें केवल खबरों तक ही सीमित हैं। कांग्रेस के सभी नेता एक हैं और कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने के लिए काम कर रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने के बाद कांग्रेस के सभी नेताओं को उचित सम्मान दिया जाएगा। शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने के लिए युवा कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है। सभी 68 विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मेहनत के साथ काम कर रहे हैं। युवा कांग्रेस के नेताओं ने टिकट ना मिलने के बाद पार्टी के साथ खड़े रहकर संयमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के खिलाफ चल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और पार्टी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें:बीजेपी में बगावत इतनी कि गली-गली में प्रचार करने की मजबूरी : राजीव शुक्ला
बता दें कि हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी किन्नौर से, यदुपति ठाकुर सरकाघाट और भरमौर से सुरजीत भरमौरी टिकट के प्रबल दावेदार थे। महीनों तक चली चर्चा के बाद भी युवा कांग्रेस के नेताओं को टिकट नहीं मिल सकी। टिकट ना मिलने से नाराज चल रहे नेताओं ने सामूहिक इस्तीफे तक की भी चेतावनी दी थी। इसके बाद युवा कांग्रेस की पार्टी से दूरियों की खबरें जोरों पर थीं। इन्हीं चर्चाओं पर विराम लगाने के मकसद से हिमाचल कांग्रेस प्रभारी युवा कांग्रेस के नेताओं को एक मंच पर लाने का काम किया।