- Advertisement -
नाहन। ठियोग के विधायक राकेश सिंघा ने बीएसपी नेता केदार सिंह जिंदान के हत्या के मामले में कई सवाल उठाए हैं। केदार सिंह जिंदान के अंतिम संस्कार में शिलाई पहुंचे विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि यदि पुलिस अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाती, तो ये हत्या नहीं होती। उन्होंने कहा बीएसपी नेता जिंदान के साथ जो कुछ भी हुआ है, वह बेहद दर्दनाक है। इस पूरे विषय को लेकर चर्चा होनी चाहिए और सिर्फ चर्चा ही नहीं, बल्कि जो इस मामले में दोषी है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। नहीं तो हमारा समाज टूट जाएगा। आंतकवाद फैल जाएगा। ये जो घटना है, वह आंतक जैसी है।
सिंघा ने पुलिस जांच पर उठ रहे सवाल पर कहा कि ये बेहद सीधी बात है कि इस पूरे मामले में जिस तरीके से छानबीन होनी चाहिए थी, वह नहीं हुई। उन्होंने कहा कि क्या सरकार के तंत्र की जिम्मेदारी नहीं बनती है सुरक्षा देने की। उन्होंने कहा कि केदार सिंह जिंदान लंबे समय से कुछ मुद्दे उठा रहा था जो उसका अधिकार था। गलत उठा रहा था या सही, इसमें कुछ मतभेद हो सकते है, लेकिन क्या यह इसका जवाब नहीं है कि हत्या कर दी जाए। सिंघा ने कहा कि पुलिस स्तर पर कुछ लापरवाही हुई है, उसे कबूलना होगा। विधायक ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाती, तो ये हत्या नहीं होनी थी।
- Advertisement -