-
Advertisement
चूहे हैं यहां के Hero, जानिए कैसे बचा रहे लोगों की जान
Last Updated on January 27, 2020 by Sintu Kumar
हम लोग अक्सर चूहों से परेशान रहते हैं और उन्हें घर से भगाने के नए-नए तरीके सोचते हैं लेकिन यही चूहे (Rats) कुछ लोगों की जान बचा रहे हैं। जी हां, कंबोडिया में लोगों के लिए चूहे किसी हीरो से कम नहीं। हाल ही में कंबोडिया के सियेम रीप प्रांत के त्रापियांग क्रासांग गांव में इन चूहों ने 788,257 वर्ग मीटर की जमीन से बारूदी सुरंगें (Landmines) खोजकर उन्हें नष्ट करने में मदद की है। इसके बाद ये जमीन 19 कंबोडियाई परिवारों को वापस दी गई।
यह भी पढ़ें :- कबाड़ में बेची गईं संविधान की पहली प्रति छापने वाली प्रिंटिंग मशीनें, जानें कितना दाम मिला
इन चूहों ने 170 बारूदी सुरंगों को खोजा। ये सुरंगे कई साल से दबी हुई थीं और फटी भी नहीं थी। इनके फटने से लोगों और जानवरों के मरने का डर बना रहता था। इन सुरंगों को खोजकर नष्ट करने में चूहों को तीन महीने लगे। एंटी पर्सनल लैंडमाइंस डिटेक्शन प्रो़डक्ट डेवलपमेंट संस्था (APOPO) इन चूहों को बारूदी सुरंगें खोजने की ट्रेनिंग देती है। APOPO ने अपने चूहों की मदद से कंबोडिया, अंगोला, जिम्बाब्वे और कोलंबिया में बारूदी सुंरगों को खोजकर लोगों की जान बचाई है। अब तक इन चूहों ने इन देशों में करीब 1.38 लाख से ज्यादा बारूदी सुरंगें खोजी हैं। इन चूहों के जरिए आप एक टेनिस कोर्ट के बराबर की जगह में बारूदी सुरंगें सिर्फ 20 मिनट में खोज सकते हैं. जबकि, मेटल डिटेक्टर से खोजने में करीब एक से चार दिन लग सकते हैं।